IND vs BAN: भारत ने फाइनल में बांग्लादेश को बुरी तरह रौंदा, एशिया कप में उठाई ट्रॉफी
INDW vs BANW: इमर्जिंग एशिया कप (राइजिंग स्टार्स 2026) के खिताबी मुकाबले में इंडिया ए की महिलाओं ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवरों में 7 विकेट खोकर 134 रन बनाए। भारतीय पारी की हीरो तेजल हसबनीस रहीं, जिन्होंने संकट के समय में शानदार अर्धशतक जड़कर टीम को एक सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाया, टीम इंडिया इस मैच को जीतकर चैम्पियन बन गई।
भारतीय टीम की शुरुआत कुछ खास नहीं रही थी। ओपनर नंदिनी कश्यप (8) और वृंदा दिनेश (19) के जल्दी आउट होने के बाद मध्यक्रम भी लड़खड़ाता नजर आया। अनुष्का शर्मा (8) और मिन्नू मणि (0) के सस्ते में पवेलियन लौटने के बाद टीम दबाव में थी।

यहां से तेजल हसबनीस और कप्तान राधा यादव ने मोर्चा संभाला। तेजल ने महज 34 गेंदों में 51 रनों की नाबाद पारी खेली, जिसमें 3 चौके और 2 गगनचुंबी छक्के शामिल थे। कप्तान राधा यादव ने भी 30 गेंदों में 36 रनों का महत्वपूर्ण योगदान दिया।
बांग्लादेश ए की ओर से फहिमा खातून सबसे सफल गेंदबाज रहीं। उन्होंने भारतीय बल्लेबाजी क्रम को तहस-नहस करते हुए महत्वपूर्ण 4 विकेट चटकाए। उनके अलावा फातिमा जहान और फरजाना यस्मिन को 1-1 सफलता मिली।
भारत के 134 रनों के जवाब में बांग्लादेश की टीम ताश के पत्तों की तरह बिखर गई और पूरी टीम 19.1 ओवरों में महज 88 रनों पर सिमट गई। भारत की ओर से कसी हुई गेंदबाजी और चुस्त फील्डिंग के आगे बांग्लादेश का कोई भी बल्लेबाज टिक कर नहीं खेल सका।
बांग्लादेश की ओर से सलामी बल्लेबाज शमीमा सुल्ताना ने सर्वाधिक 20 रन बनाए, जबकि सरमीन सुल्ताना ने 18 रनों का योगदान दिया। भारत की घातक गेंदबाजी का नेतृत्व प्रेमा रावत ने किया, जिन्होंने मध्यक्रम को झकझोरते हुए महत्वपूर्ण सफलताएं हासिल कीं। राधा यादव, सोनिया मेंधिया और तनुजा कंवर ने भी सटीक गेंदबाजी करते हुए बांग्लादेशी बल्लेबाजों को हाथ खोलने का कोई मौका नहीं दिया, जिसके परिणामस्वरूप भारत ने यह मुकाबला 46 रनों के बड़े अंतर से जीतकर ट्रॉफी पर कब्जा जमाया।












Click it and Unblock the Notifications