IND-W vs SL-W: भारत–श्रीलंका के बीच पहला टी-20 आज, इतने बजे होगा शुरू, LIVE देखने का ये है आसान तरीका!
IND-W vs SL-W 1st Women T20I Live Streaming: विशाखापत्तनम के मैदान पर रविवार से भारतीय महिला क्रिकेट टीम एक नए सफर का आगाज करने जा रही है। पिछले महीने वनडे वर्ल्ड कप में मिली ऐतिहासिक खिताबी जीत के बाद यह भारतीय टीम का पहला अंतरराष्ट्रीय दौरा है। श्रीलंका के खिलाफ होने वाली इस पांच मैचों की टी-20 सीरीज का इंतजार भारतीय फैंस बेसब्री के साथ कर रहे हैं।
विशाखापत्तनम में खेला जाएगा पहला मैच (IND-W vs SL-W 1st Women T20I Live Streaming)
भारतीय टीम इस समय आत्मविश्वास से लबरेज है। टीम की कमान अनुभवी हरमनप्रीत कौर के हाथों में है, जबकि उप-कप्तान स्मृति मंधाना अपनी शानदार बल्लेबाजी से श्रीलंकाई गेंदबाजों की चुनौती स्वीकार करने को तैयार हैं। वर्ल्ड कप की 'प्लेयर ऑफ द सीरीज' रही दीप्ति शर्मा टीम के लिए फिर से वही जादुई प्रदर्शन दोहराना चाहेंगी। इस सीरीज का पहला और दूसरा मुकाबला विशाखापत्तनम के डॉ. वाई.एस. राजशेखर रेड्डी स्टेडियम में खेला जाएगा, जिसके बाद अगले तीन मैचों के लिए टीमें तिरुवनंतपुरम का रुख करेंगी।

सीरीज के लिए दो युवा चेहरों को मौका
हेड कोच अमोल मजूमदार भविष्य की तैयारियों को ध्यान में रखते हुए टीम में बदलाव भी कर रहे हैं। इस सीरीज के लिए दो बेहद युवा चेहरों को भारतीय टीम में पहली बार शामिल किया गया है। 19 साल की विकेटकीपर-बल्लेबाज जी कमलिनी और बाएं हाथ की स्पिनर वैष्णवी शर्मा पर सबकी निगाहें रहेंगी। इन दोनों युवा खिलाड़ियों के पास अनुभवी दिग्गजों के बीच अपनी छाप छोड़ने का बेहतरीन मौका है।
लाइव मैंच देखने का क्या है तरीका
श्रीलंका की टीम भी चमारी अथापथु के नेतृत्व में पूरी ताकत के साथ उतरी है। श्रीलंका की टीम में हसीनी परेरा और इनोका रणवीरा जैसे अनुभवी खिलाड़ी हैं जो भारत को कड़ी टक्कर दे सकते हैं। स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क और जियो हॉटस्टार पर इस मैच का लाइव प्रसारण फैंस आसानी से देख सकते हैं। भारतीय समयमुसार मुकाबले की शुरुआत शाम 7 बजे होगी जिसके लिए टॉस आधे घंटे पहले यानी साढ़े छह बजे किया जाएगा।
भारतीय टीम का पलड़ा भारी
शेफाली वर्मा की विस्फोटक ओपनिंग और जेमिमा रोड्रिग्स की सूझबूझ भरी बल्लेबाजी भारत का मजबूत पक्ष है। गेंदबाजी में रेणुका सिंह ठाकुर और अरुंधति रेड्डी नई गेंद से श्रीलंकाई बल्लेबाजों को परेशान करने की कोशिश करेंगी। 30 दिसंबर तक चलने वाली यह सीरीज यह तय करेगी कि क्या भारतीय महिलाएं अपना विजयी रथ जारी रख पाएंगी या श्रीलंका इस बार कोई बड़ा उलटफेर करने में सफल होगी।












Click it and Unblock the Notifications