कौन हैं भारत के खिलाफ वेस्टइंडीज टेस्ट टीम में शामिल हुए दो अनकैप्ड बल्लेबाज, क्या पार लगाएंगे टीम की नैया?
India vs West Indies Test Series: वेस्टइंडीज क्रिकेट टीम ने भारत के खिलाफ दो मैचों की टेस्ट सीरीज के पहले मुकाबले के लिए 13 सदस्यीय टीम की घोषणा में दो अनकैप्ड बल्लेबाजों को शामिल किया है। ये हैं किर्क मैकेंजी, एलिक अथानाजे।
वेस्टइंडीज के चीफ सिलेक्टर डेसमंड हेंस को यकीन है कि दोनों खिलाड़ी लंबे समय के लिए टीम के लिए खेल सकते हैं और भारत के खिलाफ सीरीज में अहम योगदान दे सकते हैं। (Image- Social Media)

वेस्टइंडीज अपने इतिहास के सबसे खराब दौर से गुजर रहा है। वे टेस्ट में अपनी ताकत पहले ही खो चुके हैं। अब 48 साल में पहली बार वनडे वर्ल्ड कप में भी बाहर हो चुके हैं।
वेस्टइंडीज को ऐसे नए खिलाड़ियों की सख्त जरूरत है जो टेस्ट स्तर पर अपनी टीम के अगुवा बन सकें। भारत के खिलाफ इन दो युवाओं की बात करें तो किर्क मैकेंजी अपने जीवन के 23वें साल में चल रहे हैं। वे जमैका ये युवा बल्लेबाज हैं, इस धरती ने कई महान कैरेबियाई एथलीट पैदा किए हैं।
मैकेंजी ने फर्स्ट क्लास लेवल पर 9 मैचों में 39.40 की औसत से 591 रन बनाए हैं, जिसमें एक शतक और 4 अर्धशतक शामिल हैं। लिस्ट ए और टी20 करियर में अभी उन्होंने कम ही मैच खेले हैं और बढ़िया शुरुआत भी नहीं की है।
मैकेंजी के सामने लंबी चुनौती और इतना ही लंबा सफर बाकी है। लेकिन उन्होंने हेंस को प्रभावित किया है। हेंस कहते हैं, हम हाल के बांग्लादेश के ए दौर पर किर्क मैकेंजी, एलिक अथानाजे और अप्रोज से काफी प्रभावित हैं। इन दोनों ने मैच्योरिटी के साथ खेलते हुए बढ़िया स्कोर किए हैं, और अब जगह पाने के हकदार हैं।
मैकेंजी कैरेबियन लीग में जमैका थलाइवाज की ओर से खेल चुके हैं। वे 2020 में अंडर-19 वर्ल्ड कप में भी स्क्वॉड का हिस्सा थे। वहीं, एलिक अथानाजे ऐसे खिलाड़ी हैं मैकेंजी की तुलना में काफी अनुभवी है। डोमिनिका के इस बल्लेबाज की उम्र 24 साल है और वे पूरी तरह अनकैप्ड नहीं है, क्योंकि उनको मई 2023 में यूएई के खिलाफ एक वनडे मैच खेलने का अनुभव है। उन्होंने उस मैच में डेब्यू करते हुए सबसे तेज अर्धशतक लगाने के रिकॉर्ड की बराबरी की थी।
ये भी पढ़ें- ये क्या गेम है भैया? 'थाला' को भी वापस बुला लो! तमीम इकबाल की 'पलटी' के बाद वायरल हुए ये मीम्स
अथानाजे को हालांकि टेस्ट में ये पहला मौका ही है। वे 30 फर्स्ट क्लास मैचों में 36.50 के औसत के साथ 1825 रन बना चुके हैं। लिस्ट ए करियर में 33 मैच खेलकर उनका औसत सिर्फ 25.13 का ही है। अथानाजे को अंडर-19 वर्ल्ड कप, वेस्टइंडीज बी टीम, विंडवर्ड आइसलैंड की टीमों से खेलने का अनुभव है।
भारत के खिलाफ बड़ी उम्मीदे हैं, पर इन दोनों बल्लेबाजों के फर्स्ट क्लास रिकॉर्ड ऐसे नहीं हैं कि उनसे टीम इंडिया के खिलाफ मैच को पलटने वाली पारियों की उम्मीदें की जाएंगी। क्रिकेट वेस्टइंडीज को इन्हें लंबी रस्सी देनी होगी। इन दोनों में प्रतिभा पर्याप्त नजर आती है लेकिन उनका असली टेस्ट भारत के खिलाफ होगा।
पहले टेस्ट के लिए वेस्टइंडीज टीम: क्रैग ब्रैथवेट (कप्तान), जर्मेन ब्लैकवुड (उप-कप्तान), एलिक अथानाजे, टेगेनरीन चंद्रपॉल, रहकीम कॉर्नवाल, जोशुआ दा सिल्वा, शैनन गेब्रियल, जेसन होल्डर, अल्जारी जोसेफ, किर्क मैकेंजी, रेमन रीफर, केमार रोच, जोमेल वारिकन
रिजर्व खिलाड़ी: टेविन इमलाच, अकीम जॉर्डन












Click it and Unblock the Notifications