T20 WC से पहले ज्यादा से ज्यादा विकल्पों को आजमाना चाहता है भारत- ऋषभ पंत
नई दिल्ली, 19 फरवरी: भारतीय क्रिकेट टीम आईसीसी T20 वर्ल्ड कप के लिए खिलाड़ियों को तैयार करने के लिए जितना संभव हो सके उतने विकल्पों को आजमाने की योजना बना रही है। इस बारे में भारतीय टीम के विकेटकीपर ऋषभ पंत ने जानकारी दी है। ऋषभ पंत को केएल राहुल की अनुपस्थिति में वेस्टइंडीज के खिलाफ मौजूदा टी-20 सीरीज में उप कप्तान नियुक्त किया गया है। ऋषभ पंत ने दूसरे टी-20 मुकाबले में बढ़िया पारी खेलकर वेस्टइंडीज को हराने में एक अहम किरदार अदा किया था जिसके चलते उनको प्लेयर ऑफ द मैच खिताब भी मिला।

ऋषभ पंत ने अंतिम ओवरों में वेंकटेश अय्यर के साथ मिलकर बड़े ही दर्शनीय नजारे वाले शॉट खेले थे। ऋषभ पंत ने नाबाद 52 रन बनाए थे। ऋषभ पंत ने मैच के बाद मीडिया से बातचीत करते हुए कहा- अभी भी विश्वकप में टाइम है तो प्लान यही है कि जितने ज्यादा हो सके उतने विकल्पों को आजमाया जाए। हम देख रहे हैं कि इस तरह की पोजीशन पर कौन सूट करता है और वह टीम को किस तरीके से फायदा पहुंचा सकता है। हमने कई विकल्पों को आजमाया है जो भी टीम के लिए सबसे ज्यादा कारगर साबित होगा वही पक्का हो जाएगा।
भारत इस समय अपने दो प्रीमियर तेज गेंदबाजों जसप्रीत बुमराह और मोहम्मद शमी की अनुपस्थिति में खेल रहा है लेकिन उनकी जगह पर मौजूद हर्षल पटेल ने टी-20 फॉर्मेट में गजब की गेंदबाजी करके बताया है कि कम से कम भारत को सफेद गेंद के सबसे छोटे प्रारूप में ज्यादा चिंता नहीं करनी चाहिए। हर्षल पटेल को रोमन पॉवेल ने अंतिम ओवर में लगातार छक्के मारे थे लेकिन इस खिलाड़ी ने अपनी भावनाओं पर काबू रखा।
पंत बताते हैं कि तब योजना यह थी कि बॉल को ऑफ स्टंप से थोड़ा बाहर डाला जाएगा। पंत ने कहा- जब 2 छक्के लगे तो इस बारे में बातचीत की गई कि गेंद कहां डाली जाए और यह तय हुआ कि ऑफ स्टंप से थोड़ा बाहर डाली जाएगी और गेंदबाज ने अपने आप को झौंक दिया।
ऋषभ पंत कहते हैं कि खेलों में प्रेशर होता है लेकिन एक इंडिविजुअल के तौर पर अपनी स्किल पर ज्यादा ध्यान होना जरूरी है। फिलहाल भारत के पास हार्दिक पंड्या नहीं है तो वेंकटेश अय्यर को फिनिशिंग ऑलराउंडर के तौर पर देखा जा रहा है। वेंकटेश ने ऋषभ पंत के साथ मिलकर एक बढ़िया पारी खेली और 18 गेंदों पर 33 रन बनाए। दोनों ने 35 गेंदों पर 76 रनों की साझेदारी की थी।












Click it and Unblock the Notifications