IND vs WI 4th T20: वेस्टइंडीज के खिलाफ आग उगलता है पंत का बल्ला, ये आंकड़े दे रहे हैं गवाही
भारत और वेस्टइंडीज के बीच 5 टी20 मैचों की सीरीज का चौथा मुकाबला आज लॉडरहिल, फ्लोरिडा में खेला जा रहा है।
नई दिल्ली, 6 अगस्त: भारत और वेस्टइंडीज के बीच 5 टी20 मैचों की सीरीज का चौथा मुकाबला आज लॉडरहिल, फ्लोरिडा में खेला जा रहा है। मेजबान टीम ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला लिया। भारतीय टीम में आज तीन बदलाव किए गए हैं। रवि बिश्नोई, अक्षर पटेल और संजू सैमसन को प्लेइंग 11 में शामिल किया गया है। वहीं हार्दिक पांड्या, रवि अश्विन और श्रेयस अय्यर बाहर हुए हैं। रोहित शर्मा और सूर्यकुमार यादव ने भारतीय पारी की शुरुआत की। भारत की ओर से पंत ने सर्वाधिक 44 रन बनाए।

टी20I में पंत का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन
ऋषभ पंत ने 31 गेंदों पर 44 रन की पारी खेली। इस पारी में उन्होंने 6 चौके लगाए। ऋषभ का बल्ला टी20 में वेस्टइंडीज के खिलाफ आग उगलता है। आंकड़े भी इस बात की गवाही दे रहे हैं। पंत ने अपने टी20 इंटरनेशनल की सभी बेस्ट पारियां वेस्टइंडीज के खिलाफ ही खेली हैं। टी20 इंटरनेशनल में पंत का सबसे अच्छा प्रदर्शन नाबाद 65 रन है। यह पारी उन्होंने साल 2019 में प्रोविडेंस स्टेडियम में खेली थी। इससे पहले साल 2018 में कोलकाता में उन्होंने विंडीज टीम के खिलाफ 38 गेंदों पर 58 रन जड़े थे।

टी20I में पंत की बेस्ट पारियां (सभी विंडीज के खिलाफ)
- 65*(42) प्रोविडेंस स्टेडियम, 2019
- 58(38) कोलकाता, 2018
- 52*(28) कोलकाता, 2022
- 44(31) लॉडरहिल, 2022

पंत का अब तक का करियर
ऋषभ पंत ने अपने करियर में अब तक 31 टेस्ट मैच खेले हैं। इस दौरान 53 पारियों में उन्होंने 43.32 की औसत और 72.65 के स्ट्राइक रेट से 2123 रन बनाए हैं। पंत ने टेस्ट में 10 अर्धशतक और 5 शतक जड़े हैं। 27 वनडे में उन्होंने 36.52 की औसत और 108.80 के स्ट्राइक रेट से 840 रन बनाए हैं। इस दौरान उन्होंने 5 अर्धशतक और 1 शतक लगाया है। वहीं 53 टी20 इंटरनेशनल मुकाबलों में उन्होंने 23.30 की औसत और 125.59 के स्ट्राइक रेट से 839 रन बनाए हैं। पंत ने टी20I में अब तक 3 अर्धशतक लगाए हैं।












Click it and Unblock the Notifications