IND vs WI Weather: भारत की जीत में क्या बारिश बनेगी रोड़ा! जानिए पांचवें दिन कैसा रहेगा मौसम का मिजाज
IND vs WI 2nd Test Day 5 Weather Report: भारत और वेस्टइंडीज के बीच दूसरे टेस्ट मैच के पांचवें दिन बारिश का खतरा मंडरा रहा है। दोनों टीमों के लिए यह दिन बेहद अहम है। पांचवें दिन ही इस मुकाबले के विनर का फैसला किया जाना है। वेस्टइंडीज के खिलाफ पहले चार दिनों के खेल में भारत ने अपना दबदबा बनाए रखा है।
बारिश बिगाड़ेगी खेल: सोमवार यानी 24 जुलाई को पोर्ट ऑफ स्पेन, त्रिनिदाद में क्वींस पार्क ओवल स्टेडियम में बारिश होने की संभावना है। दिन में बारिश की संभावना 72% और रात में 49% है। ऐसे में मैच के पांचवें दिन बारिश होने की उम्मीद बहुत ज्यादा है। सोमवार को शहर का तापमान दिन में 29° सेल्सियस रहेगा और रात में गिरकर 25° सेल्सियस हो जाएगा।

भारत का पलड़ा भारी: इस मैच में भारतीय टीम का पलड़ा भारी है। भारतीय गेंदबाजों को अंतिम दिन 8 विकेट की जरूरत है। ऐसे में भारतीय कप्तान रोहित शर्मा उम्मीद करेंगे कि कम से कम दो सेशन का खेल पूरा हो सके। भारत की ओर से आऱ अश्विन पर एक बार फिर सबकी नजरें रहने वाली है। अश्विन इस मुकाबले में भारत को जीत दिलाने में अहम भूमिका निभा सकते हैं।
पहली पारी में भारत ने खड़ा किया था बड़ा स्कोर: भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए विराट कोहली (121) के शानदार शतक की मदद से पहली पारी में 438 रन बनाए थे। यशस्वी जयसवाल (57), रोहित शर्मा (80), रवींद्र जड़ेजा (61) और रविचंद्रन अश्विन (56) ने भी शानदार पारियां खेलीं। इसके बाद बाद में भारत ने वेस्टइंडीज को पहली पारी में 255 रन पर समेट दिया।
वेस्टइंडीज को जीत के लिए 289 रनों की जरूरत: चौथे दिन का खेल खत्म होने के बाद वेस्टइंडीज का स्कोर 2 विकेट पर 76 रन है। पांचवें दिन वेस्टइंडीज को जीत के लिए 289 रनों की जरूरत है। वेस्टइंडीज के पास 8 विकेट हाथ है। लेकिन चौथी पारी में इतने रन बनना टेस्ट क्रिकेट में किसी भी टीम के लिए आसान नहीं रहा है।












Click it and Unblock the Notifications