अक्षर पटेल ने बल्ले ने बजाया वेस्टइंडीज का बैंड, हार के मुंह से छीनी जीत, भारत को जीता दी सीरीज
त्रिनिदाद, 25 जुलाई: भारत और वेस्टइंडीज के बीच वनडे सीरीज का लगातार दूसरा रोमांचक मुकाबला देखने के लिए मिला। यह दो मैच ऐसे समय आए जब इस फॉर्मेट पर ही सवाल खड़े किए जा रहे हैं। यह सीरीज पचास ओवर के क्रिकेट का रोमांच फिर से स्थापित करती हुई दिखाई दे रही है। भारत ने जहां पहले मैच में केवल तीन रन से मैच जीतने में कामयाबी हासिल की थी तो वेस्टइंडीज को इस बार दो विकेट से हार मिली।
Recommended Video
311 रनों के टारगेट का पीछा करने उतरी भारतीय टीम की जीत के सबसे बड़े हीरो अक्षर पटेल रहे जिन्होंने पहला वनडे अर्धशतक लगाते हुए केवल 35 गेंदों पर ही 64 रनों की पारी खेल दी।

मैच में फर्क करने वाली बैटिंग
एक समय जब मैच में जीत दूर नजर आने लगी थी तब निचले क्रम पर दीपक हुड्डा के साथ मिलकर अक्षर पटेल ने तेज अर्धशतकीय साझेदारी की। हुड्डा शुरुआती परेशानी के बाद रंग में आते दिखे लेकिन तभी आउट भी हो गए। उन्होंने 36 गेंदों पर 33 रन बनाए।
ऐसे में जब मैच को वेस्टइंडीज के हिस्से में आसानी से गिर जाना चाहिए था तब अक्षर ने मैच में फर्क करने वाली बैटिंग की ओर रुख किया।

केवल 27 गेंदों पर अपना पहला वनडे अर्धशतक पूरा किया
पटेल ने तीसरे पॉवरप्ले के दौरान कैरेबियाई गेंदबाजों की निर्मम कुटाई की और मैच को रोमांच के ढेर पर खड़ा कर दिया। हालांकि दूसरे छोर पर शार्दुल उनका साथ तीन रन बनाकर छोड़ गए। इसने मैच को फिर थ्रिल दिया और मेजबानों को जरूरी मनोबल।
अक्षर ने तब भी हार नहीं मानी और अपनी पारी को तूफानी गति से चौके छक्कों से बढ़ाना जारी रखा। उन्होंने केवल 27 गेंदों पर अपना पहला वनडे अर्धशतक पूरा किया। इस दौरान आवेश खान ने दो बाउंड्री लगाकर पटेल का बढ़िया साथ निभाकर भारत को जीत के और भी पास कर दिया। लेकिन वे 49वें ओवर में जेडन शील्ड की गेंद पर 12 गेंदों पर 10 रन बनाकर आउट हो गए। मैच फिर से खुल गया।

वनडे की हालिया टॉप इनिंग
जब भारत को अंतिम ओवर में आठ रनों की दरकार थी और वेस्टइंडीज फिर से मैच में वापस आने लगी थी तब पटेल ने काइल मेयर्स की चौथी गेंद को छक्के के लिए उड़ाकर सुनिश्चित कर दिया कि उनकी यह पारी वनडे की हालिया टॉप इनिंग में शुमार रहेगी।

वेस्टइंडीज भी तारीफ की हकदार
दूसरी ओर, वेस्टइंडीज टीम ने एक बात को साबित कर दी है कि अगर वे ठान लें तो सफेद गेंद फॉर्मेट में उनका लोहा मानने के लिए विपक्षी टीमें मजबूर हो जाएंगी। यह वो वेस्टइंडीज है जो अपने मस्तमौला क्रिकेट ब्रांड के लिए मशहूर भी है और आलोचना की शिकार भी। लेकिन जब वे खेल में गंभीरता लाते हैं तो कुछ ऐसा होता है जैसे भारत के खिलाफ मौजूदा वनडे सीरीज में देखने को मिल रहा है। जहां टीम इंडिया ने पहला मैच किसी तरह से तीन रनों से जीतने में कामयाबी हासिल की थी तो दूसरा मैच भारत को हर समय अपने बैकफुट पर रहकर खेलना पड़ा।

शिखर धवन ने खराब शुरुआत दी
इससे पहले, 312 रनों के बड़े टारगेट का पीछा करते हुए भारतीय टीम को शिखर धवन ने बहुत धीमी शुरुआत दी। धवन पर पिच का प्रभाव था या उम्र का, यह कहना थोड़ा मुश्किल है क्योंकि बाकी सभी भारतीय बल्लेबाजों ने इसी पिच पर कहीं बेहतर स्ट्राइक रेट से बैटिंग की।
जब भारतीय पारी में बारिश के कारण कुछ देर खेल रुका तो धवन को आत्ममंथन करने का मौका मिला। खेल शुरू हुआ तो भारतीय कप्तान ने आक्रामक खेलने की नाकाम कोशिश की। इस फेर में एक गेंद तो उनके हेलमेट की निचली जारी से जा टकराई। आखिर धवन बाउंड्री ढूंढने की नाकाम कोशिश में के मेयर्स के हाथों धरे गए। इसके साथ ही 31 गेंदों पर 13 रनों के संघर्ष का भी अंत हो गया।

अय्यर और संजू के बीच शानदार साझेदारी
धवन के आउट होने के बाद गिल का आउट होना बड़ा झटका था क्योंकि पहले मैच में शानदार अर्धशतक लगाने वाला ये स्टाइलिश युवा इस बार भी 49 गेंदों पर 43 रनों की पारी खेलने में कामयाब रहा।
इसके बाद सूर्यकुमार यादव (9) ने लगातार दूसरे मैच में निराश किया। लेकिन यहीं से भारत को मैच में वापस लाने वाली 99 रनों की साझेदारी हुई। इस पार्टनरशिप में नंबर तीन पर अय्यर ने सीरीज का लगातार दूसरा अर्धशतक लगाने में कामयाबी दर्ज की। पर वे 71 गेंदों पर 63 रन बनाकर जोसेफ की फुलटॉस पर पगबाधा हो गए।

2-0 से अजेय बढ़त
टीम का स्कोर 200 पार ही हुआ था कि करारा झटका संजू सैमसन के रन आउट होने के बाद लगा। सैमसन ने शानदार अर्धशतक लगाया था और 51 गेंद पर 54 रनों की पारी खेलने में कामयाब रहे। सैमसन ऐसे आउट ना होते तो वे मैच को खत्म भी कर सकते थे। वे अच्छी लय थे लेकिन नाजुक मौके पर उनके रन आउट ने इस मैच को वनडे में एक और क्लासिक बना दिया।
पटेल को मैन ऑफ द मैच दिया गया है। वेस्टइंडीज की ओर से अल्जारी जोसेफ ने सबसे बढ़िया बॉलिंग की। उन्होंने 10 ओवर में 46 रन देकर दो विकेट लिए। भारत तीन मैचों की वनडे सीरीज में 2-0 से अजेय बढ़त ले चुका है। तीसरा मैच 27 जुलाई, बुधवार को होगा।












Click it and Unblock the Notifications