IND vs WI: आखिरी वनडे की तरह ही पहले टी20 में बारिश बन सकती है बाधा, जानें कैसी रहेगी पिच
भारत और वेस्टइंडीज के बीच 5 टी20 मैचों की सीरीज का पहला मुकाबला आज ब्रायन लारा स्टेडियम, तारौबा, त्रिनिदाद में खेला जाएगा।
नई दिल्ली, 29 जुलाई: भारत और वेस्टइंडीज के बीच 5 टी20 मैचों की सीरीज का पहला मुकाबला आज ब्रायन लारा स्टेडियम, तारौबा, त्रिनिदाद में खेला जाएगा। यह मैच भारतीय समयानुसार रात 8 बजे शुरू होगा। टी20 सीरीज से पहले भारत और वेस्टइंडीज के बीच 3 वनडे मैचों की सीरीज खेली गई थी। भारत ने वनडे सीरीज को 3-0 से अपने नाम किया। ऐसे में भारतीय टीम के हौसले बुलंद हैं। वह टी20 सीरीज भी अपने नाम करना चाहेगी। टी20 में रेगुलर कप्तान रोहित शर्मा, ऋषभ पंत, भुवनेश्वर कुमार समेत कई स्टार खिलाड़ियों को वापसी हो रही है। आइए जानते हैं कि पहले टी20 के दौरान मौसम कैसा रहेगा और पिच रिपोर्ट क्या है।

मौसम का मिजाज
भारत और वेस्टइंडीज के बीच 27 जुलाई को खेला गया आखिरी वनडे मैच बारिश के कारण प्रभावित हुआ था। डकवर्थ लुईस से भारत ने इस मैच को 119 रन से जीता था। पहले टी20 में भी बारिश खेल को प्रभावित कर सकती है। त्रिनिदाद में गरज के साथ बौछार पड़ने की संभावना है। वर्षा 24-52 प्रतिशत के उच्च स्तर पर है और आसमान में भी आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे। कम से कम 1 घंटे की बारिश हो सकती है, जिससे कुछ देरी हो सकती है या ओवर कम हो सकते हैं। वेदर डॉट कॉम के मुताबिक आर्द्रता 67-85% के आसपास रहेगी। तापमान 24-31 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहेगा।

पिच रिपोर्ट
टी20 सीरीज का पहला मैच ब्रायन लारा स्टेडियम में खेला जाने वाला पहला पुरुष T20 होगा। यहां अब तक तीन महिला T20 और कुछ कैरेबियन प्रीमियर लीग के मुकाबले खेले गए हैं। यह भारत और वेस्टइंडीज दोनों के लिए एक बिल्कुल नया स्थान है। ब्रायन लारा स्टेडियम की पिच T20 इंटरनेशनल के लिए काफी अनुकूल है। इस मैदान पर कैरेबियन प्रीमियर लीग में कुछ अच्छे स्कोरिंग मैच देखे गए हैं। यहां का उच्चतम स्कोर 185 रन है जो त्रिनबागो नाइट राइडर्स द्वारा बनाया गया है। जहां तक अंतरराष्ट्रीय मैचों की बात है तो यह काफी नई पिच है, यहां लक्ष्य का पीछा करने वाली टीम के पास जीतने की संभावना अधिक होती है।

दोनों टीमें इस प्रकार हैं
- वेस्टइंडीज: निकोलस पूरन (कप्तान), रोवमन पॉवेल (उप कप्तान), शमरह ब्रूक्स, डोमिनिक ड्रेक्स, शिमरोन हेटमायर, जेसन होल्डर, अकील हुसैन, अल्ज़ारी जोसेफ, ब्रैंडन किंग, काइल मायर्स, ओबेड मैकॉय, कीमो पॉल, रोमारियो शेफर्ड, ओडियन स्मिथ, डेवोन थॉमस, हेडन वॉल्श जूनियर।
- भारत: रोहित शर्मा (कप्तान), ईशान किशन, संजू सैमसन, सूर्यकुमार यादव, दीपक हुड्डा, श्रेयस अय्यर, दिनेश कार्तिक, ऋषभ पंत, हार्दिक पांड्या, रवींद्र जडेजा, अक्षर पटेल, आर अश्विन, रवि बिश्नोई, कुलदीप यादव*, भुवनेश्वर कुमार, अवेश खान, हर्षल पटेल, अर्शदीप सिंह।












Click it and Unblock the Notifications