IND vs SL: श्रीलंका के खिलाफ किस भारतीय ने झटके सर्वाधिक टेस्ट विकेट, टॉप 5 में एक खिलाड़ी ने चौंकाया
IND vs SL: भारत और श्रीलंका के बीच जब भी टेस्ट क्रिकेट में तो बल्लेबाजों के साथ-साथ गेंदबाजों की भूमिका भी काफी अहम रही है। दोनों देशों के बीच हुए मुकाबलों में भारतीय गेंदबाजों ने कई बार श्रीलंकाई बल्लेबाजों को अपना निशाना बनाकर नानी याद दिलाई है।
दिलचस्प बात यह है श्रीलंका के खिलाफ भारत के स्पिन गेंदबाजों का दबदबा देखने को मिला है लेकिन दो दिग्गज तेज गेंदबाज भी अपनी जगह बनाने में कामयाब रहे हैं। आइए जानते हैं उन पांच भारतीय गेंदबाजों के बारे में, जिन्होंने श्रीलंका के खिलाफ टेस्ट क्रिकेट में सबसे ज्यादा विकेट चटकाए हैं।

अनिल कुंबले
इस लिस्ट में सबसे ऊपर भारत के महान लेग स्पिनर अनिल कुंबले का नाम आता है। कुंबले ने श्रीलंका के खिलाफ 18 टेस्ट मुकाबले खेले और इस दौरान 74 बल्लेबाजों को अपना शिकार बनाया। श्रीलंका की परिस्थितियां स्पिन के लिए मददगार रही हैं और कुंबले ने इसका भरपूर फायदा उठाया। कुंबले टेस्ट में भारत के सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज भी हैं।
रविचंद्रन अश्विन
रविचंद्रन अश्विन ने अपने टेस्ट करियर में कई टीमों के खिलाफ शानदार प्रदर्शन किया, श्रीलंका के खिलाफ भी उनका रिकॉर्ड काफी प्रभावशाली रहा। अश्विन ने 11 टेस्ट में 62 विकेट हासिल किए। उनकी खासियत सिर्फ विकेट लेना ही नहीं थी, बल्कि बल्लेबाजों पर लगातार दबाव बनाए रखना भी रही। श्रीलंका के बल्लेबाजों को उन्होंने काफी परेशान किया।
हरभजन सिंह
भारतीय क्रिकेट में ऑफ स्पिन को नई पहचान देने वाले हरभजन सिंह भी इस सूची में शामिल हैं। श्रीलंका के खिलाफ भज्जी ने 16 टेस्ट में 53 विकेट लिए। उनके करियर में श्रीलंका के खिलाफ कई यादगार स्पेल रहे। जिस समय टीम इंडिया को अनिल कुंबले का साथ देने वाले स्पिनर की दरकार थी, उस समय भज्जी ने आकर तहलका मचा दिया था।
कपिल देव
कपिल देव का श्रीलंका के खिलाफ रिकॉर्ड खास है। भारत के पूर्व कप्तान और महान ऑलराउंडर ने 14 टेस्ट मैचों में 45 विकेट हासिल किए। कपिल ऐसे दौर में भारत के प्रमुख तेज गेंदबाज थे, जब टीम के पास आज की तरह तेज गेंदबाजी के कई विकल्प नहीं थे। इसके बावजूद उन्होंने श्रीलंका के खिलाफ अपनी स्विंग और अनुभव के दम पर लगातार सफलता हासिल की।
ईशांत शर्मा
लंबे कद और अतिरिक्त उछाल के लिए पहचाने जाने वाले ईशांत शर्मा इस खास लिस्ट में पांचवें नंबर पर हैं। उन्होंने श्रीलंका के खिलाफ 12 टेस्ट मैच खेले और 36 विकेट अपने नाम किए। ईशांत की गेंदबाजी का असर खासकर उन परिस्थितियों में देखने को मिलता था, जहां पिच से तेज गेंदबाजों को थोड़ी मदद मिलती थी। पुरानी गेंद से भी वह विकेट निकाल लेते थे।


Click it and Unblock the Notifications
