IND vs SL: श्रीलंका के खिलाफ टेस्ट में सर्वाधिक छक्के जड़ने वाले 5 भारतीय खिलाड़ी
IND vs SL: भारत और श्रीलंका के बीच टेस्ट क्रिकेट में कई ऐतिहासिक पारियां देखने को मिली हैं। टेस्ट क्रिकेट को धीमा गेम कहा जाता है लेकिन लंबे-लंबे छक्कों ने कई बार मैच का रुख बदला और दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया। कुछ भारतीय बल्लेबाज ऐसे भी रहे, जिन्होंने श्रीलंकाई गेंदबाजों के खिलाफ छक्कों में डील करना ज्यादा बेहतर समझा।
श्रीलंका के खिलाफ सबसे ज्यादा रन या शतक बनाने वाले खिलाड़ियों की चर्चा अक्सर होती है, लेकिन छक्कों के मामले में भी भारत के कई दिग्गजों ने शानदार रिकॉर्ड बनाए हैं। भारत की तरफ से श्रीलंका के खिलाफ टेस्ट क्रिकेट में सर्वाधिक छक्के जड़ने वाले पांच बल्लेबाजों के बारे में आपको जरूर जानना चाहिए।

नवजोत सिंह सिद्धू
इस सूची में पहला नाम पूर्व भारतीय सलामी बल्लेबाज नवजोत सिंह सिद्धू का है। सिद्धू ने श्रीलंका के खिलाफ सिर्फ 11 टेस्ट मैच खेले, लेकिन 13 पारियों में ही 18 छक्के जड़ दिए। उन्होंने 935 रन बनाए, जिसमें चार शतक और तीन अर्धशतक शामिल रहे। 71.92 की औसत बताती है कि श्रीलंका के खिलाफ उनका बल्ला खूब चला।
वीरेंद्र सहवाग
आक्रामक बल्लेबाजी की बात हो और वीरेंद्र सहवाग का नाम न आए, ऐसा मुश्किल है। सहवाग ने श्रीलंका के खिलाफ 11 टेस्ट मैचों की 18 पारियों में 1239 रन बनाए। इस दौरान उनके बल्ले से 15 छक्के निकले। उन्होंने पांच शतक लगाए और 293 रन की यादगार पारी भी खेली।
हार्दिक पांड्या
अब हार्दिक पांड्या टेस्ट क्रिकेट में नहीं खेल रहे हैं लेकिन सिर्फ तीन ही मैचों में उन्होंने श्रीलंकाई गेंदबाजों का धुआं निकाल दिया था। लिस्ट में हार्दिक पांड्या का तीसरा स्थान है। उन्होंने 3 मैचों में 11 छक्के जड़े और 178 रन अपने नाम किए। अगर वह लगातार टेस्ट क्रिकेट में बने रहते, तो इस लिस्ट में टॉप पर आ जाते।
सचिन तेंदुलकर
सचिन तेंदुलकर ने अपने लंबे टेस्ट करियर में श्रीलंका के खिलाफ कई शानदार पारियां खेलीं। उन्होंने 25 टेस्ट मैचों में 1995 रन बनाए और 10 छक्के लगाए। इस दौरान सचिन के बल्ले से नौ शतक और छह अर्धशतक भी निकले, जबकि उनका सर्वोच्च स्कोर 203 रन रहा। वह हर रिकॉर्ड में कहीं न कहीं मौजूद होते हैं।
महेंद्र सिंह धोनी/रोहित शर्मा
श्रीलंका के खिलाफ टेस्ट क्रिकेट में सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले भारतीय बल्लेबाजों की सूची में महेंद्र सिंह धोनी और रोहित शर्मा संयुक्त रूप से पांचवें स्थान पर हैं। धोनी ने नौ टेस्ट मैचों की 12 पारियों में 491 रन बनाते हुए नौ छक्के लगाए। इस दौरान उनके बल्ले से दो शतक और दो अर्धशतक निकले। वहीं रोहित शर्मा ने सिर्फ सात टेस्ट मैचों की 12 पारियों में 509 रन बनाए और नौ बार गेंद को बाउंड्री के पार पहुंचाया। रोहित के नाम इस दौरान एक शतक और चार अर्धशतक दर्ज हैं।


Click it and Unblock the Notifications
