अभिषेक शर्मा ने कोहली-रिज़वान के कीर्तिमान किये ध्वस्त, रोहित शर्मा की बराबरी कर रचा इतिहास
।IND vs SL: इस एशिया कप में अभिषेक शर्मा का बल्ला जमकर चल रहा है, उनके सामने गेंदबाजों को सोचना पड़ता है। अब तक इस एशिया कप में उन्होंने छह मैच खेले हैं और हर बार उनका बल्ला बिजली की गति से चला है। आज श्रीलंका के खिलाफ खेलते हुए उन्होंने फिफ्टी जमाई।
अभिषेक शर्मा ने इस टूर्नामेंट में लगातार तीसरी फिफ्टी जड़ी है। श्रीलंका के खिलाफ नई गेंद को जमकर कूटने वाले अभिषेक शर्मा ने महज 22 गेंदों में ही अपना अर्धशतक पूरा कर लिया। उन्होंने 8 चौकों और 2 छक्कों की मदद से 31 गेंदों में 61 रनों की पारी खेली।

रोहित शर्मा के रिकॉर्ड की बराबरी
अभिषेक शर्मा ने 25 से कम गेंदों में छह बार अर्धशतक जमाए हैं। उनसे आगे सिर्फ सूर्यकुमार यादव है, सूर्या ने टी20 इंटरनेशनल में यह कारनामा सात बार किया है। रोहित शर्मा ऐसा छह बार कर चुके हैं। इस वजह से अभिषेक शर्मा ने रोहित शर्मा की बराबरी कर ली है।
एक और अहम रिकॉर्ड अभिषेक शर्मा ने एशिया कप टी20 के सिंगल एडिशन में सर्वाधिक रन बनाने का हासिल किया है। इस मामले में उन्होंने विराट कोहली और पाकिस्तान के मोहम्मद रिज़वान जैसे प्लेयर्स को पीछे छोड़ने का काम किया है।
कोहली और रिज़वान को छोड़ा पीछे
अभिषेक शर्मा ने टी20 एशिया कप के एक संस्करण में सबसे ज्यादा रन बनाकर नया रिकॉर्ड कायम किया है। उन्होंने मोहम्मद रिज़वान और विराट कोहली को पीछे छोड़ते हुए यह उपलब्धि हासिल की। 2022 में रिज़वान ने पाकिस्तान के लिए छह मैचों में 281 रन बनाए थे, जबकि कोहली ने पांच मुकाबलों में 276 रन बनाए थे।
रनों के टैली आगे लेकर जाने का मौका
लेकिन 2025 के मौजूदा संस्करण में अभिषेक ने शानदार प्रदर्शन करते हुए रिज़वान का रिकॉर्ड तोड़ डाला और खुद को रिकॉर्ड बुक में दर्ज करवा लिया। इस टैली को वह और ऊपर लेकर जा सकते हैं क्योंकि फाइनल मुकाबला होना बाकी है। अभिषेक की धांसू पारी की बदौलत भारत ने इस एशिया कप में पहली बार 200 का आंकड़ा पार कर लिया, इस सीजन का यह सर्वाधिक टीम स्कोर है।












Click it and Unblock the Notifications