IND vs SL: राहुल त्रिपाठी को कब तक बेंच पर बैठाओगे, टीम में भी लेकर आओ, भड़के फैन्स ने ट्विटर पर निकाला गुस्सा
श्रीलंका के खिलाफ पहले टी20 मैच में भारतीय प्लेइंग इलेवन में दो डेब्यू हुए हैं लेकिन राहुल त्रिपाठी को मौका नहीं मिला। ट्विटर पर फैन्स की प्रतिक्रियाएं आई।

Ind vs SL T20i (भारत बनाम श्रीलंका): श्रीलंका के खिलाफ मुंबई में खेले जा रहे पहले टी20 मुकाबले में भारतीय टीम में कुछ नए खिलाड़ी देखे गए। दो खिलाड़ियों ने इस मुकाबले से सबसे छोटे प्रारूप में डेब्यू किया है। शुभमन गिल इस मुकाबले से अपना पदार्पण कर रहे हैं। उनके अलावा शिवम मावी को भी प्लेइंग इलेवन में जगह मिली है। इन सबके बीच कयास थे कि राहुल त्रिपाठी को भी मौका मिलेगा लेकिन ऐसा नहीं हो पाया और त्रिपाठी को बाहर बैठना पड़ा।
त्रिपाठी को बाहर रखने के बाद उनके फैन्स ने ट्विटर पर एक अभियान चला दिया। फैन्स की तरफ से सवाल किये जा रहे हैं कि राहुल त्रिपाही को मौका क्यों नहीं दिया गया। उनका यह भी कहना है कि अचानक शुभमन गिल को कहां से लेकर आ गए। राहुल त्रिपाठी ने लगातार घरेलू क्रिकेट और आईपीएल में शानदार बल्लेबाजी का प्रदर्शन किया है। त्रिपाठी के फैन्स ने गिल को खिलाने का निर्णय अनुचित माना। गिल अपने डेब्यू मैच में 7 रन बनाकर चलते बने।
राहुल त्रिपाठी टी20 प्रारूप में बेहतरीन बल्लेबाजी करते रहे हैं। उन्होंने टी20 क्रिकेट में कुल 125 मुकाबले खेलते हुए 2800 से ज्यादा रन बनाए हैं। स्ट्राइक रेट की बात करें तो ये रन उन्होंने 134 के स्ट्राइक रेट से बनाए हैं। त्रिपाठी ने 17 अर्धशतक जमाए हैं और 107 छक्के उनके बल्ले से निकले हैं। आईपीएल करियर की बात की जाए तो राहुल त्रिपाठी ने 76 मैचों में 1798 रन बनाए हैं। आईपीएल में उनका स्ट्राइक रेट और बेहतर होकर 141 तक पहुँच जाता है। हालांकि अंतरराष्ट्रीय डेब्यू के लिए अब भी उनको इंतजार करना होगा।
कप्तान हार्दिक पांड्या ने भारतीय टीम में तेज गेंदबाज शिवम मावी का डेब्यू कराने का निर्णय लिया। श्रीलंका के कप्तान ने टॉस जीतकर पहले भारत को बैटिंग करने के लिए बुलाया। वानखेड़े स्टेडियम में पड़ने वाली ओस को देखते हुए यह फैसला लिया गया। देखना होगा कि राहुल त्रिपाठी को कब तक इंतजार करना होगा।












Click it and Unblock the Notifications