Ind vs Sco U19: भारत और स्कॉटलैंड के बीच भिड़ंत आज, वैभव सूर्यवंशी करेंगे कमाल! लाइव ऐसे देख सकते हैं मैच?
Ind vs Sco U19 Live Streaming: अंडर-19 विश्व कप 2026 का बिगुल बजने वाला है और भारतीय युवा टीम अपने अभियान की शुरुआत करने के लिए पूरी तरह तैयार है। टूर्नामेंट में होने वाले मुकाबलों से पहले टीम इंडिया आज यानी शनिवार को अपना पहला वार्म-अप मैच स्कॉटलैंड के खिलाफ खेलने उतरेगी। यह मुकाबला जिम्बाब्वे के बुलावायो स्थित एथलेटिक क्लब में खेला जाएगा।
शानदार फॉर्म में भारतीय टीम (Ind vs Sco U19 Live Streaming)
भारतीय अंडर-19 टीम इस समय जबरदस्त फॉर्म में है। विश्व कप से ठीक पहले भारत ने दक्षिण अफ्रीका को उसी की धरती पर वनडे सीरीज में 3-0 से हराकर क्लीन स्वीप किया है। आयुष म्हात्रे की कप्तानी वाली इस टीम को टूर्नामेंट जीतने के सबसे प्रबल दावेदारों में से एक माना जा रहा है। वार्म-अप मैच टीम मैनेजमेंट के लिए अपनी तैयारियों को अंतिम रूप देने और संयोजन को परखने का आखिरी सुनहरा मौका है।

आयुष म्हात्रे और विहान मल्होत्रा की टीम में वापसी
इस अभ्यास मैच की सबसे बड़ी बात कप्तान आयुष म्हात्रे और विहान मल्होत्रा की टीम में वापसी है। ये दोनों खिलाड़ी दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ हालिया सीरीज का हिस्सा नहीं थे, लेकिन अब विश्व कप के मुख्य स्क्वाड के साथ जुड़ चुके हैं। इसके अलावा वैभव सूर्यवंशी और मोहम्मद एनान जैसे उभरते सितारों पर भी सबकी नजरें रहेंगी। चूंकि यह एक अभ्यास मैच है, इसलिए टीम इंडिया अपनी बेंच स्ट्रेंथ को आजमा सकती है ताकि सभी खिलाड़ियों को टूर्नामेंट से पहले मैच प्रैक्टिस मिल सके।
यहां देख सकते हैं लाइव मैच
भारतीय समयनुसार यह मुकाबला दोपहर एक बजे शुरू किया जाएगा। आमतौर पर आईसीसी इवेंट्स के ब्रॉडकास्टिंग राइट्स स्टार स्पोर्ट्स के पास होते हैं, लेकिन वार्म-अप मैचों का टीवी पर सीधा प्रसारण नहीं किया जा रहा है। हालांकि, इस रोमांचक मुकाबले की लाइव स्ट्रीमिंग 'जियोहॉटस्टार' ऐप और वेबसाइट पर उपलब्ध होने की उम्मीद है, जहां आप युवा सितारों को एक्शन में देख सकते हैं।
दोनों टीमों का स्क्वाड
भारत: आयुष म्हात्रे (कप्तान), आर.एस. अंबरीश, कनिष्क चौहान, डी. दीपेश, मोहम्मद एनान, आरोन जॉर्ज, अभिज्ञान कुंडू, किशन कुमार सिंह, विहान मल्होत्रा, उद्धव मोहन, हेनिल पटेल, खिलान ए. पटेल, हरवंश सिंह, वैभव सूर्यवंशी, वेदांत त्रिवेदी।
स्कॉटलैंड: थॉमस नाइट (कप्तान), फिनले कार्टर, मैक्स चैपलिन, जॉर्ज कटलर, रोरी ग्रांट, फिनले जोन्स, ओली जोन्स, ओली पिलिंगर, एथन रामसे, थियो रॉबिन्सन, मनु सारस्वत, राम शर्मा, श्रेयस टेकाले, श्लोक ठाकर, जेक वुडहाउस।












Click it and Unblock the Notifications