IND vs SA Test: भारत-साउथ अफ्रीका के बीच पहला टेस्ट कब? फ्री में उठा सकते हैं LIVE मैच का मजा
IND vs SA Test: भारतीय क्रिकेट टीम टी-20 के बाद अब एक बार फिर टेस्ट सीरीज खेलने को तैयार है। 14 नवंबर से 19 दिसंबर 2025 तक भारत दक्षिण अफ्रीका की मेजबानी करेगा, जिसमें दोनों टीमों के बीच दो टेस्ट, तीन वनडे और पांच टी-20 मैचों की लंबी और रोमांचक सीरीज खेली जाएगी। वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के लिहाज से भारत के लिए यह सीरीज बेहद जरूरी है।
14 नवंबर को खेला जाएगा पहला टेस्ट (IND vs SA Test)
ऑस्ट्रेलिया में भारत ने वनडे और टी-20 दोनों फॉर्मेट में चुनौतीपूर्ण प्रदर्शन किया था। अब भारतीय टीम अब अपने घर में फ्रीडम ट्रॉफी के लिए तैयार है। इस दौरे की शुरुआत सबसे पहले टेस्ट मैचों से होगी। पहला टेस्ट 14 से 18 नवंबर तक कोलकाता के ईडन गार्डन्स में खेला जाएगा। इसके बाद दूसरा टेस्ट 22 से 26 नवंबर तक गुवाहाटी के बरसापारा क्रिकेट स्टेडियम में होगा।

टेस्ट के बाद होगी वनडे में भिड़ंत
टेस्ट सीरीज के लिए भारतीय टीम की कमान शुभमन गिल संभालेंगे, जबकि विकेटकीपर ऋषभ पंत उप-कप्तान होंगे। टीम में यशस्वी जायसवाल, केएल राहुल, जसप्रीत बुमराह और कुलदीप यादव जैसे प्रमुख खिलाड़ी शामिल हैं। ये सभी खिलाड़ी घर में दक्षिण अफ्रीका की चुनौती का सामना करेंगे। टेस्ट मैचों के बाद तीन मैचों की वनडे सीरीज 30 नवंबर से शुरू होगी, जिसके मुकाबले रांची, रायपुर और विशाखापत्तनम में खेले जाएंगे। उम्मीद है कि इस सीरीज में रोहित शर्मा और विराट कोहली दोनों हिस्सा लेंगे।
दोनों टीमों के बीच होगी कांटे की टक्कर
इस घरेलू सीजन का समापन पांच मैचों की टी-20 इंटरनेशनल सीरीज के साथ होगा। 9 दिसंबर को कटक में शुरू होकर 19 दिसंबर को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में समाप्त होगी। यह टी-20 सीरीज अगले साल होने वाले टी20 विश्व कप से पहले टीम के लिए अपनी तैयारियों को अंतिम रूप देने का मौका देगी। दक्षिण अफ्रीका की टीम टेम्बा बावुमा की कप्तानी में भारत आ रही है और उनकी टीम भी मजबूत खिलाड़ियों से सजी है।
फ्री में लाइव देखने का क्या है तरीका
भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच होने वाली टेस्ट सीरीज का पहला मुकाबला कोलकाता के ईडन गार्डन्स स्टेडियम में खेला जाएगा। इस हाई-वोल्टेज टेस्ट सीरीज का टीवी पर सीधा प्रसारण (लाइव टेलीकास्ट) स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क पर किया जाएगा। वहीं, फैंस इस सीरीज की लाइव स्ट्रीमिंग जियोहॉटस्टार (JioHotstar) ऐप और वेबसाइट पर देख सकते हैं। अच्छी खबर यह भी है कि कुछ रिपोर्ट्स के अनुसार, इस दौरे के सभी मैचों का प्रसारण डीडी स्पोर्ट्स पर भी हो सकता है, जिससे दर्शक इन मैचों का आनंद फ्री में उठा सकेंगे।












Click it and Unblock the Notifications