क्रिकेट के तीनों फॉर्मेट में वो इस समय बेस्ट बॉलर हैं, इंग्लैंड का पूर्व कप्तान हुआ बुमराह का मुरीद
नई दिल्लीः इंग्लैंड के पूर्व कप्तान माइकल वॉन ने भारतीय तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह की तारीफ की है। बुमराह को एक शानदार बॉलर माना जाता है लेकिन कमर की चोट के बाद से वे अपने असली फॉर्म से थोड़े दूर लग रहे थे। यह जोहांसबर्ग में बुमराह का खराब प्रदर्शन ही था जिसके चलते भारत प्रोटियाज टीम को चौथी पारी में समेट नहीं सका और अफ्रीका एक अप्रत्याशित जीत हासिल करने में कामयाब रहा।

लेकिन क्लास अगर आपके पास हो तो फॉर्म देर-सवेर आ जाती है। बुमराह ने केपटाउन में यह बात साबित भी कर दी। उन्होंने अफ्रीका धुरंधरों को तब उखाड़ फेंका जब विकेट बल्लेबाजों को जमाए रखने के लिए पूरी मदद देने को तैयार हो चुका था। यह विशुद्ध क्लास थी और बुमराह 42 रन देकर 5 विकेट लेने में कामयाब रहे।
बुमराह तीनों फॉर्मेट के बॉलर हैं और माइकल वॉन ने हालिया प्रदर्शन के बाद उनको मौजूदा समय में सभी फॉर्मेट का बेस्ट गेंदबाज बताया है। यह कैगिसो रबाडा, पैट कमिंस, मिशेल स्टार्क, काइल जैमिसन की मौजूदगी वाली दुनिया में बुमराह के लिए बड़ा बयान है।
भारत ने बुमराह के अलावा मोहम्मद शमी और उमेश यादव के 2-2 विकेटों के साथ दक्षिण अफ्रीका को 210 रनों पर ढेर कर दिया। बुमराह ने डीन एल्गर को नायाब गेंद पर विकेट के पीछे लपकाया, फिर बारी उस एडम मारक्रम की आई जिसने दूसरे टेस्ट मैच की चौथी पारी में बेहद आक्रामक अंदाज दिखाकर भारत से मैच छीनने की शुरुआत की थी। यह बल्लेबाज बिना गेंद को समझे क्लीन बोल्ड हुआ।
बाद में मार्को येन्सन को क्लीन बोल्ड किया गया और फिर मुसीबत बनकर खेल रहे केगन पीटरसन को चलता किया। पीटरसन ने वो काम किया जो भारत के लिए कोहली ने किया था। बाद में लुंगी नगिदी का विकेट बुमराह का पंजा पूरा कर गया।
माइकल वॉन बुमराह के मुरीद हो गए हैं और उनको इस समय सभी फॉर्मेट में दुनिया का बेस्ट बॉलर बताया है।












Click it and Unblock the Notifications