IND Vs SA 2nd T20: मैच में बरसेंगे चौके-छक्के या बारिश बिगाड़ेगी खेल? ऐसा रहेगा मौसम का मिजाज
IND Vs SA 2nd T20: कटक में शानदार जीत दर्ज करने के बाद भारतीय टीम अब दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ टी-20 सीरीज का दूसरा मुकाबला खेलने के लिए तैयार है। इस मैच के लिए भारतीय खिलाड़ी न्यू चंडीगढ़ (मुल्लांपुर) के महाराजा यादविंद्र सिंह अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम पहुंच चुके हैं। यह मैच जीतकर भारतीय टीम सीरीज में अपनी बढ़त बरकरार रखने की कोशिश करेगी।
पिच से किसे मिलेगा फायदा (IND Vs SA 2nd T20)
पहले मुकाबले में भारत ने दक्षिण अफ्रीका को महज 74 रन पर ऑल आउट कर 101 रन की बड़ी जीत हासिल की थी। अब साउथ अफ्रीका की टीम जोरदार वापसी करने को बेताब होगी। जबकि टीम इंडिया इस नए मैदान पर भी जीत के साथ इतिहास बनाना चाहेगी। पिच रिपोर्ट के अनुसार मुल्लांपुर की यह सतह सभी के लिए कुछ न कुछ मदद दने का काम करती है। शुरुआती ओवरों में तेज गेंदबाजों का दबदबा रह सकता है, क्योंकि पिच में अच्छी गति है और यह अनुशासित गेंदबाजी को इनाम देगी।

हाई स्कोरिंग हो सकता है मुकाबला
हालांकि, एक बार नई गेंद का असर कम होने के बाद बल्लेबाजों के लिए रन बनाना आसान हो जाएगा। यहां उछाल एक समान और अनुमानित रहती है, इसलिए जो बल्लेबाज पिच पर समय बिताएंगे उन्हें अपने शॉट्स खेलने में मजा आएगा। स्कोरिंग ट्रेंड्स बताते हैं कि टीमों को 170 से 180+ के आस-पास का स्कोर बनाने का लक्ष्य रखना चाहिए ताकि लक्ष्य का बचाव किया जा सके।
क्या बारिश बिगाड़ेगी खेल
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार मैच के दौरान आसमान साफ रहेगा और पूरे 40 ओवर का रोमांच देखने को मिलेगा। शाम के समय तापमान आरामदायक रहेगा, लेकिन रात होते-होते इसमें महत्वपूर्ण गिरावट आएगी और ठंड बढ़ जाएगी। मैच के दूसरे हाफ़ में ओस एक बड़ी चुनौती बन सकती है, जिससे गेंदबाज़ों के लिए, खासकर लक्ष्य का बचाव करते हुए, गेंद को पकड़ना मुश्किल हो सकता है। इसी वजह से टॉस जीतने वाले कप्तान पहले फील्डिंग चुनना पसंद कर सकते हैं, क्योंकि बाद में लक्ष्य का पीछा करना आसान हो सकता है।












Click it and Unblock the Notifications