Rohit Sharma के बल्ले से निकले सिर्फ 14 रन फिर भी रच दिया इतिहास, दिग्गजों को पछाड़ बनाया अनोखा रिकॉर्ड
IND vs SA, 2nd ODI Rohit Sharma: भारतीय पूर्व कप्तान रोहित शर्मा ने बुधवार यानी 3 दिसंबर को रायपुर के शहीद वीर नारायण सिंह इंटरनेशनल स्टेडियम में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ खास रिकॉर्ड अपने नाम किया। इस मुकाबले में वह भले ही बड़ी पारी नहीं खेल पाए, लेकिन एक अनोखा रिकॉर्ड जरूर बना लिया। दूसरे वनडे मैच के शुरुआत में ही रोहित ने यह मुकाम हासिल किया।
रोहित शर्मा ने पूरे किए 9000 रन (IND vs SA, 2nd ODI Rohit Sharma)
रोहित शर्मा भारत की धरती पर अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट में 9000 रन पूरे करने वाले चौथे भारतीय बल्लेबाज बन गए हैं। इस शानदार उपलब्धि के साथ उन्होंने महान पूर्व कप्तान राहुल द्रविड़ को पीछे छोड़ दिया है और अब वह घर पर सबसे ज्यादा अंतर्राष्ट्रीय रन बनाने वाले बल्लेबाजों की सूची में तीसरे स्थान पर आ गए हैं। दूसरे वनडे में उतरने से पहले रोहित के नाम भारत में सभी प्रारूपों में 8991 रन दर्ज थे।

सचिन-कोहली से पीछे हैं रोहित
रोहित शर्मा ने अपनी पारी के दौरान जब 14 रन पूरे किए तो वह इस ऐतिहासिक रिकॉर्ड पर पहुंच गए। खास बात यह रही कि नांद्रे बर्गर की गेंद पर लगातार तीसरा चौका जड़कर रोहित ने राहुल द्रविड़ (9004 रन) के रिकॉर्ड को भी पार कर लिया। अब रोहित शर्मा के भारत में 9005 अंतर्राष्ट्रीय रन हो गए हैं, जो द्रविड़ के रिकॉर्ड से एक रन ज़्यादा है। इस सूची में उनसे आगे केवल क्रिकेट के दिग्गज सचिन तेंदुलकर (14,192 रन) और विराट कोहली (12,373 रन) ही हैं।
भारत को फिर मिली टॉस में हार
हालांकि, रोहित के लिए व्यक्तिगत रूप से यह मैच रिकॉर्ड भरा रहा, टीम इंडिया के टॉस हारने का निराशाजनक सिलसिला जारी रहा। वापसी कर रहे दक्षिण अफ्रीकी कप्तान टेंबा बावुमा ने टॉस जीता और भारत को पहले बल्लेबाजी करने के लिए आमंत्रित किया। यह लगातार 20वीं बार है जब भारतीय टीम अंतर्राष्ट्रीय मैच में टॉस हारी है। यह सिलसिला ODI वर्ल्ड कप 2023 के फाइनल से शुरू हुआ था।












Click it and Unblock the Notifications