IND vs PAK: दुबई में अपने 200 विकेट पूरे करेगा ये भारतीय गेंदबाज! सिर्फ 4 ओवर में कांप जाएगा पाक
पिछले साल टी20 वर्ल्ड कप के दौरान भी ये देखने को मिला था।
दुबई, 28 अगस्त: इंतजार की घड़ियां खत्म होने को हैं। अब से कुछ ही घंटों के बाद एशिया कप में भारत और पाकिस्तान की टीमें एक दूसरे के आमने-सामने होंगी। साल का ये सबसे बड़ा मुकाबला दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम, दुबई में खेला जाएगा। मैच में दोनों टीमों के कई खिलाड़ियों के पास बड़े रिकॉर्ड्स बनाने का मौका रहेगा, लेकिन एक खिलाड़ी ऐसा है, जिससे पाक टीम हर हाल में सावधान रहना चाहेगी।

लेग स्पिनर के 4 ओवर पड़ेंगे भारी
ये बात किसी से छिपी नहीं है कि दुबई के मैदान पर लेग स्पिनर्स को काफी मदद मिलती है। पिछले साल टी20 वर्ल्ड कप के दौरान भी ये देखने को मिला था। टीम इंडिया के पास लेग स्पिनर के तौर में सबसे बड़ा हथियार युजवेंद्र चहल (Yuzvendra Chahal) के रूप में मौजूद है, जिनसे पाक टीम वाकई में बचकर रहना चाहेगी। इस मैच में चहल भारत के लिए X-फैक्टर की भूमिका निभा सकते हैं। साथ ही मुकाबले में उनके पास एक बड़ा रिकॉर्ड बनाने का मौका भी होगा।

200 विकेट लेने के करीब चहल
दरअसल, पाकिस्तान के खिलाफ 32 वर्षीय चहल अगर 3 विकेट लेने में सफल रहे तो इंटरनेशनल क्रिकेट में अपने 200 विकेट पूरे कर लेंगे। चहल ने अभी तक 129 इंटरनेशनल मैचों में 25.41 की औसत के साथ कुल 197 विकेट हासिल किए हैं। सिर्फ 3 विकेट लेने के साथ ही वह भारत की ओर से सभी फॉर्मेट में मिलाकर विकेटों का दोहरा शतक पूरा कर लेंगे। ये खास उपलब्धि हासिल करने वाले युजवेंद्र टीम इंडिया के 22वें खिलाड़ी होंगे।

भारत के लिए T2OI में सबसे ज्यादा विकेट
फटाफट क्रिकेट में युजवेंद्र चहल भारत के लिए सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज है। उन्होंने 62 T20I मुकाबलों में 24 से भी कम की औसत से कुल 79 विकेट लिए हैं। इस साल भी अनुभवी लेग स्पिनर ने कुल 12 T20I मैच खेले हैं और 18.13 की बेहतरीन औसत के साथ कुल 15 विकेट चटकाए हैं।
IPL-15 में भी वो पर्पल कैप जीतने में सफल रहे थे और उन्होंने 17 मुकाबलों में 19.52 की कमाल की औसत के साथ कुल 27 शिकार किए थे।

पाक को कर सकते हैं परेशान
दुबई की विकेट से लेग स्पिनर्स को मदद मिलने की उम्मीद है, ऐसे में पाकिस्तानी खिलाड़ी युजवेंद्र चहल के 4 ओवर बड़ी ही सावधानी से खेलना चाहेंगे। चहल के कोटे के ये 4 ओवर वाकई में मुकाबले के परिणाम पर जबर्दस्त असर डालने वाले हैं। पिछले साल टी20 वर्ल्ड कप में चहल को टीम इंडिया से ड्रॉप किया गया था और इसका असर टीम के प्रदर्शन पर भी पड़ा। कोहली की कप्तानी वाली भारतीय टीम पहले राउंड से ही बड़े ही शर्मनामक तरीके के टूर्नामेंट से बाहर हो गई थी।












Click it and Unblock the Notifications