IND vs PAK: मैच से पहले पाकिस्तान को मिली बुरी खबर, वर्ल्ड कप विनर की बिगड़ी सेहत, क्रिकेट जगत में अफरा-तफरी
IND vs PAK, Imran Khan health update: भारत के खिलाफ मैच से पहले पाकिस्तान को एक बुरी खबर मिली है। पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री और 1992 विश्व कप विजेता कप्तान इमरान खान की बिगड़ती सेहत ने इस समय पूरे क्रिकेट जगत और राजनीतिक गलियारों में चिंता पैदा कर दी है। महीनों से एकांत कारावास में बंद 73 वर्षीय पूर्व दिग्गज खिलाड़ी को अब स्वास्थ्य कारणों से जेल से अस्पताल शिफ्ट करने का निर्णय लिया गया है।
पाकिस्तान सरकार के मंत्री का बयान (IND vs PAK, Imran Khan health update)
पाकिस्तान सरकार के मंत्री तारिक फजल चौधरी ने आधिकारिक तौर पर घोषणा की है कि इमरान खान की सेहत को देखते हुए उन्हें अस्पताल शिफ्ट किया जा रहा है। उनके इलाज के लिए एक विशेष मेडिकल बोर्ड का गठन किया जाएगा। यह निर्णय विपक्षी सांसदों द्वारा संसद भवन में दिए जा रहे धरने और अंतरराष्ट्रीय दबाव के बाद लिया गया है।

लापरवाही के कारण बिगड़ी स्थिति
इमरान खान की कानूनी टीम ने आरोप लगाया है कि जेल में संक्रमण के कारण उनकी दाहिनी आंख की रोशनी काफी हद तक कम हो गई है। टीम का दावा है कि अधिकारियों की लापरवाही के कारण उनकी स्थिति बिगड़ी है, हालांकि सरकार इन दावों का खंडन करती रही है। इमरान खान की सेहत की खबर मिलते ही समकालीन और पूर्व क्रिकेटरों ने सोशल मीडिया के माध्यम से अपनी चिंता व्यक्त की है।
खिलाड़ियों ने जताई चिंता
वसीम अकरम ने कहा कि अपने कप्तान को स्वास्थ्य समस्याओं से जूझते हुए देखना हृदयविदारक है। मैं उम्मीद करता हूं कि अधिकारी इसे गंभीरता से लेंगे और उन्हें बेहतरीन चिकित्सा सुविधा सुनिश्चित करेंगे। वकार यूनुस ने कहा कि राजनीति को एक तरफ रखते हुए, हमें उस नायक का सम्मान करना चाहिए जिसने हमें खेल के मैदान पर सबसे गौरवपूर्ण पल दिए। जिस शख्स ने शौकत खानम जैसा अस्पताल बनाया, जिससे मेरी मां सहित लाखों को मदद मिली, आज उसे खुद इलाज की जरूरत है।
शोएब अख्तर ने कहा कि आंखों की रोशनी खोने की खबर सुनकर गहरा दुख हुआ है। मैं उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना करता हूं। वहीं साल 1992 विश्व कप की विजयी गेंद पकड़ने वाले रमीज ने इसे एक 'इमोशनल मेल्टडाउन' करार दिया। इसके अलावा शाहिद अफरीदी, मोहम्मद हफीज और भारत के पूर्व बल्लेबाज अजय जडेजा ने भी मानवीय आधार पर उन्हें तुरंत उपचार देने का समर्थन किया है।












Click it and Unblock the Notifications