IND vs PAK: भारत के खिलाफ मैच से पहले उस्मान तारिक ने भरी हुंकार, अजीब एक्शन से देता है बल्लेबाजों को 'धोखा'
IND vs PAK T20 World Cup 2026: टी-20 वर्ल्ड कप 2026 में पाकिस्तान और अमेरिका के बीच हुए मुकाबले ने एक नए विवाद और एक नई चुनौती को जन्म दे दिया है। पाकिस्तान के मिस्ट्री स्पिनर उस्मान तारिक ने अपने पहले ही वर्ल्ड कप मैच में 3 विकेट चटकाकर सनसनी फैला दी है। हालांकि, उनकी सफलता से ज्यादा चर्चा उनके गेंदबाजी एक्शन और उनके उस बयान की हो रही है, जिसमें उन्होंने सीधे तौर पर भारतीय टीम पर मनोवैज्ञानिक दबाव होने की बात कही है।
एक्शन पर विवाद और ICC की क्लीन चिट (IND vs PAK T20 World Cup 2026)
उस्मान तारिक का गेंदबाजी एक्शन काफी अनोखा है। वे गेंद छोड़ने से ठीक पहले एक लंबा 'पॉज' लेते हैं और फिर लसिथ मलिंगा की शैली में गेंद को रिलीज करते हैं। इसी एक्शन के कारण उन्हें अतीत में दो बार संदिग्ध गेंदबाजी के लिए रिपोर्ट किया जा चुका है। भारतीय फैंस और सोशल मीडिया पर उनके 'बेंट एल्बो' को लेकर लगातार सवाल उठ रहे हैं। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ सीरीज के दौरान कैमरून ग्रीन ने भी उनके एक्शन पर 'चकिंग' का इशारा कर नाराजगी जताई थी।

हो चुकी है एक्शन की जांच
हालांकि, तकनीकी तथ्यों की बात करें तो अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) ने उनके एक्शन की जांच के बाद उन्हें गेंदबाजी के लिए हरी झंडी दे दी है। नियम स्पष्ट हैं कि यदि कोहनी का घुमाव 15 डिग्री के भीतर है, तो उसे वैध माना जाता है। जब उस्मान तारिक से भारतीय फैंस और मीडिया में उनके एक्शन को लेकर हो रही चर्चा पर सवाल पूछा गया, तो उन्होंने बड़ी बेबाकी से जवाब दिया।
भारत के खिलाफ मैच को लेकर कही ये बात
तारिक ने कहा कि अगर वे मेरे एक्शन पर इतनी चर्चा कर रहे हैं या आपत्तियां जता रहे हैं, तो इसका मतलब है कि दबाव उन पर (भारतीय टीम पर) होगा। मैं मीडिया में क्या चल रहा है, उस पर ध्यान नहीं दे रहा हूं। मेरा पूरा फोकस अपने अभ्यास और खेल पर है। 15 फरवरी को होने वाले महामुकाबले को लेकर उस्मान ने काफी सधा हुआ रुख अपनाया। उन्होंने कहा कि टीम इसे एक सामान्य मैच की तरह ले रही है ताकि बेवजह का हाइप दिमाग पर हावी न हो।
पाकिस्तान की रणनीति इस बार स्पिन पर काफी निर्भर दिख रही है। अमेरिका के खिलाफ मैच में पाकिस्तान ने शाहीन अफरीदी के रूप में सिर्फ एक विशेषज्ञ तेज गेंदबाज खिलाया, जबकि चार फ्रंटलाइन स्पिनरों को मैदान में उतारा।












Click it and Unblock the Notifications