IND vs PAK: भारत के खिलाफ मैदान में नहीं उतरेगा पाकिस्तान! शहबाज शरीफ ने किया बड़ा ऐलान, फैंस मायूस
IND vs PAK, PM Shehbaz Sharif: टी-20 वर्ल्ड कप 2026 में भारत बनाम पाकिस्तान मैच पर अनिश्चितता के बादल गहरा गए हैं। 15 फरवरी को कोलंबो में होने वाले टी-20 वर्ल्ड कप 2026 के ग्रुप-ए मैच को लेकर पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने एक बड़ा बयान दिया है। उन्होंने स्पष्ट किया है कि पाकिस्तानी टीम भारत के खिलाफ इस मुकाबले में मैदान पर नहीं उतरेगी।
शहबाज शरीफ ने मैच को लेकर दिया बड़ा बयान (IND vs PAK, PM Shehbaz Sharif)
बुधवार को पाकिस्तान कैबिनेट की बैठक को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने कहा कि यह निर्णय क्रिकेट से ज्यादा सिद्धांतों से जुड़ा है। उन्होंने जोर देकर कहा कि खेलों में राजनीति का हस्तक्षेप नहीं होना चाहिए। शरीफ ने अपने संबोधन में कहा कि हमने टी-20 वर्ल्ड कप को लेकर बहुत स्पष्ट स्टैंड लिया है। हम भारत के खिलाफ मैच नहीं खेलेंगे क्योंकि खेल का मैदान राजनीति के लिए नहीं है।

पीसीबी ने आईसीसी से नहीं किया है संपर्क
प्रधानमंत्री ने आगे स्पष्ट किया कि पाकिस्तान का यह रुख बांग्लादेश के समर्थन में है। उन्होंने इस फैसले को सोचा-समझा और उचित बताते हुए कहा कि पाकिस्तान पूरी तरह से बांग्लादेश के साथ खड़ा है। हैरानी की बात यह है कि प्रधानमंत्री के सार्वजनिक बयान के बावजूद, पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) ने अभी तक अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) को इस बहिष्कार के बारे में कोई औपचारिक सूचना नहीं दी है।
आधिकारिक रूप से नहीं हुआ है कोई फैसला
सूत्रों के अनुसार पीसीबी की ओर से आईसीसी को कोई ईमेल या लिखित दस्तावेज नहीं भेजा गया है। लिखित पुष्टि के अभाव में आईसीसी ने इस मैच को अभी भी आधिकारिक शेड्यूल का हिस्सा बनाए रखा है। नियमों के अनुसार जब तक आधिकारिक तौर पर हटने की सूचना नहीं मिलती, आईसीसी कोई दंडात्मक या प्रक्रियात्मक कार्रवाई नहीं कर सकता।
मैच नहीं होने पर क्या होगा?
इस राजनीतिक बयानबाजी के बीच भारतीय टीम का रुख पूरी तरह पेशेवर बना हुआ है। टीम इंडिया अपने तय कार्यक्रम के अनुसार कोलंबो की यात्रा करेगी। भारतीय टीम मैच की पूर्व संध्या पर होने वाली प्रेस कॉन्फ्रेंस सहित मैच के दिन की सभी औपचारिकताएं पूरी करेगी। नियमों के अनुसार, 15 फरवरी को निर्धारित समय पर भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव टॉस के लिए मैदान पर मौजूद रहेंगे।
यदि पाकिस्तानी कप्तान सलमान अली आगा टॉस के लिए नहीं आते हैं, तो मैच रेफरी मानक आईसीसी प्रोटोकॉल का पालन करेंगे। ऐसी स्थिति में भारत को 'वॉकओवर' दिया जाएगा और बिना एक भी गेंद फेंके भारत के खाते में 2 अंक जुड़ जाएंगे।












Click it and Unblock the Notifications