IND vs PAK: 'ये कौन-सा नियम है भाई?' ना छक्का, ना विकेट, बस ड्रामा! भारत-पाकिस्तान मैच में मचा बवाल
IND vs PAK, Highlights: एशिया कप राइजिंग स्टार्स 2025 के एक अहम मैच में इंडिया-ए टीम को पाकिस्तान शाहीन के खिलाफ आठ विकेट से हार का सामना करना पड़ा। लेकिन इस मुकाबले में हार से ज़्यादा चर्चा एक विवादास्पद कैच के निर्णय की हो रही है। इस घटना ने पूरे भारतीय खेमे को हैरान कर दिया और खेल में लंबी रुकावट पैदा कर दी। जिसका वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है।
मैच के दौरान घटी अजीब घटना (IND vs PAK, Highlights)
यह घटना पाकिस्तान की पारी के 10वें ओवर में घटी। पाकिस्तान के टॉप बल्लेबाज माज सदाकत ने सुयाश शर्मा की गेंद को हवा में बाउंड्री की तरफ मारा। गेंद को छह रन के लिए जाते देख, बाउंड्री लाइन पर खड़े नेहाल वढेरा ने एक अविश्वसनीय प्रयास किया। उन्होंने हवा में उछलकर गेंद को बाउंड्री के अंदर की ओर फेंका और फिर नमन धीर ने आसानी से कैच पकड़ लिया।

थर्ड अंपायर का हैरान करने वाला फैसला
रिप्ले में साफ दिख रहा था कि नेहाल ने गेंद को बाउंड्री पार करने से पहले छोड़ दिया था। माज सदाकत खुद आउट मानकर पवेलियन लौट गए थे। हर किसी को लगा कि यह एक शानदार रिले कैच है और बल्लेबाज आउट है। लेकिन, थर्ड अंपायर मोर्शाद अली खान ने सबको चौंकाते हुए बल्लेबाज को 'नॉट आउट' करार दिया। इस फैसले ने भारतीय कप्तान जितेश शर्मा और बाकी खिलाड़ियों को नाराज कर दिया। उन्होंने अंपायरों से गर्मजोशी से बहस की, जिससे मैच काफी देर तक रुका रहा।
नया ICC नियम है वजह
बाद में यह स्पष्ट हुआ कि यह चौंकाने वाला फैसला ICC के एक नए नियम के कारण लिया गया था। जिसे जून 2025 में लागू किया गया। क्रिकेट के नियम 19.5.2 में किए गए इस संशोधन के अनुसार यदि कोई फील्डर हवा में गेंद को बाउंड्री के बाहर से संपर्क करता है तो उसे गेंद को छोड़ने के बाद बाउंड्री के अंदर ही उतरना होगा और वहीं रहना होगा। नेहाल ने गेंद को अंदर फेंकने का सही काम किया, लेकिन उन्होंने हवा में उछलने के बाद बाउंड्री के बाहर जमीन पर कदम रखा। नए नियम के तहत भले ही उन्होंने गेंद को अंदर फेंक दिया हो, क्योंकि उनकी लैंडिंग बाउंड्री के बाहर हुई, इसलिए इस कैच को अवैध माना गया।












Click it and Unblock the Notifications