IND vs PAK: 16 नवंबर को फिर होगा भारत-पाकिस्तान का महामुकाबला! इस साल छठी बार आमने-सामने होंगी दोनों टीमें
IND vs PAK Match Date: एशिया कप राइजिंग स्टार्स टूर्नामेंट का आगाज 14 नवंबर को होने जा रहा है। क्रिकेट फैंस की निगाहें खास तौर पर 16 नवंबर पर टिकी होंगी। इस दिन भारत और पाकिस्तान इस टूर्नामेंट के महामुकाबले में आमने-सामने होने वाले हैं। यह मुकाबला दोहा कतर में खेला जाएगा। जिसके लिए एशियाई क्रिकेट परिषद ने शेड्यूल की घोषणा कर दी है।
इस साल पांच बार हो चुकी है भिड़ंत (IND vs PAK Match Date)
यह 2025 में सीनियर और महिला टीमों के बीच हुई 5 भिड़ंतों के बाद भारत और पाकिस्तान के बीच छठी टक्कर होगी। इस साल की खास बात यह है कि इन सभी 5 मुकाबलों में भारतीय टीम ने जीत हासिल की है। अब देखना यह है कि क्या पाकिस्तान की 'ए' टीम इस रिकॉर्ड को तोड़ पाती है या नहीं। दूसरी तरफ भारतीय टीम की कोशिश एक बार फिर पाकिस्तान को पटखनी देने की होगी।

भारत-पाकिस्तान सहित ये टीमें ले रही हैं हिस्सा
इस टूर्नामेंट को पहले ACC इमर्जिंग टीम्स एशिया कप के नाम से जाना जाता था। लेकिन अब इसे टी-20 फॉर्मेट में खेला जाएगा। इसमें भारत, पाकिस्तान, अफगानिस्तान, बांग्लादेश और श्रीलंका की 'ए' टीमें भाग लेंगी, जबकि हांगकांग, ओमान और यूएई की मुख्य टीमें खेलेंगी। सभी मैच 14 से 19 नवंबर तक खेले जाएंगे, जिसके बाद नॉकआउट चरण शुरू होगा।
16 नवंबर को होगा भारत-पाकिस्तान का मुकाबला
ACC ने शुक्रवार को इस टूर्नामेंट का शेड्यूल जारी किया। कुल आठ टीमें इसमें हिस्सा ले रही हैं, जिन्हें दो ग्रुपों में बांटा गया है। ग्रुप ए में अफगानिस्तान, बांग्लादेश, हांगकांग, और श्रीलंका को रखा गया है। जबकि ग्रुप बी में भारत, ओमान, पाकिस्तान और यूएई जैसी टीम मौजूद है। लेकिन इस टूर्नामेंट का सबसे बड़ा मुकाबला 16 नवंबर को भारत और पाकिस्तान के बीच खेला जाएगा।
साल 2013 में शुरू किया गया था टूर्नामेंट
एशिया कप राइज़िंग स्टार्स टूर्नामेंट की शुरुआत 2013 में हुई थी और यह इसका सातवां सीज़न होगा। शुरुआत में यह एक अंडर-23 टूर्नामेंट था, जिसे बाद में 'ए' टीमों की प्रतियोगिता में बदल दिया गया। इस टूर्नामेंट में पाकिस्तान और श्रीलंका सबसे सफल टीमें रही हैं, जिन्होंने दो-दो बार खिताब जीता है। भारत और मौजूदा चैंपियन अफगानिस्तान ने एक-एक बार यह ट्रॉफी जीती है। अफगानिस्तान ने 2024 के पिछले संस्करण के फाइनल में श्रीलंका को सात विकेट से हराकर खिताब अपने नाम किया था।












Click it and Unblock the Notifications