IND vs PAK: 'हमने अपनी जान जोखिम में डाली,' पाकिस्तान के बॉयकॉट पर भड़का ये देश! एहसान गिनाकर सुनाई खरी-खोटी
IND vs PAK Boycott Row: टी20 वर्ल्ड कप शुरू होने से पहले ही क्रिकेट के मैदान पर 'वर्ल्ड वॉर' छिड़ गई है। 15 फरवरी को कोलंबो में होने वाले भारत-पाकिस्तान महामुकाबले को लेकर पाकिस्तान की 'बॉयकॉट' वाली जिद ने अब एक नया और बेहद तीखा मोड़ ले लिया है।
पाकिस्तान के इस रवैये से मेजबान श्रीलंका इस कदर भड़क गया है कि उसने सीधे शब्दों में पाकिस्तान को उसकी 'औकात' और पुराना 'एहसान' याद दिला दिया है। श्रीलंका क्रिकेट (SLC) ने एक कड़ा खत लिखकर पाकिस्तान को आईना दिखाया है, जिसके बाद क्रिकेट जगत में हड़कंप मच गया है।

पाकिस्तान को श्रीलंका का करारा जवाब
श्रीलंका क्रिकेट ने पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) को भेजे आधिकारिक पत्र में उन जख्मों को कुरेदा है जिन्हें शायद पाक भूल चुका था। श्रीलंका ने 2009 का पुराना साथ याद दिलाया। लाहौर में श्रीलंकाई टीम की बस पर हुए आतंकी हमले के बाद जब पूरी दुनिया ने पाकिस्तान का हुक्का-पानी बंद कर दिया था, तब श्रीलंका ही वो पहली बड़ी टीम थी जिसने वहां जाकर क्रिकेट बहाल किया था।
खत में साफ लिखा है कि जब सुरक्षा कारणों से कोई देश पाकिस्तान की जमीन पर पैर रखने को तैयार नहीं था, तब श्रीलंका ने अपनी जान जोखिम में डालकर कई बार वहां का दौरा किया। SLC ने दोटूक कहा कि हमने हमेशा 'खेल भावना' और 'दोस्ती' निभाई, अब पाकिस्तान को भी वही कर्ज उतारना चाहिए।
भारत-पाकिस्तान का मैच क्यों चाहता है श्रीलंका?
श्रीलंका इस कदर परेशान क्यों है? इसकी वजह सिर्फ खेल नहीं, बल्कि पैसा और साख है।
- 1. रेवेन्यू का चूना: भारत-पाक मैच 'हाउसफुल' होने वाला था। मैच न होने की स्थिति में टिकटों की बिक्री से होने वाला करोड़ों का रेवेन्यू डूब जाएगा।
- 2. टूरिज्म को झटका: कोलंबो में होटलों की बुकिंग और फ्लाइट्स धड़ाधड़ कैंसिल हो रही हैं। श्रीलंका ने चेतावनी दी है कि पाकिस्तान की इस जिद से उनके देश का पूरा लॉजिस्टिक और टूरिज्म सिस्टम तबाह हो जाएगा।
- 3. प्रेमादासा स्टेडियम तैयार: श्रीलंका ने साफ कर दिया है कि वे सुरक्षा और प्रोफेशनल इंतजामों की पूरी गारंटी देते हैं, इसलिए पाकिस्तान का बॉयकॉट करना तर्कहीन है।
क्या होगा पाकिस्तान का U-Turn?
इस विवाद के बीच पूर्व मुख्य चयनकर्ता चेतन शर्मा ने एक चौंकाने वाला दावा किया है। उन्होंने कहा कि यह सब सिर्फ राजनीति है। 'जैसे ही 12 तारीख को बांग्लादेश में चुनाव खत्म होंगे, पाकिस्तान पलटी मारेगा। वो बयान देंगे कि 'जनता की भावनाओं को देखते हुए हम भारत से खेलेंगे'। ये सब सिर्फ बांग्लादेश चुनाव तक का नाटक है।'
क्या है असली विवाद?
पाकिस्तान सरकार ने बांग्लादेश के समर्थन में भारत के खिलाफ मैच का बहिष्कार करने का ऐलान किया है। बांग्लादेश ने भारत में सुरक्षा चिंताओं का हवाला देकर नाम वापस लिया था, जबकि ICC ने सुरक्षा को पुख्ता बताया है। अब देखना यह है कि क्या पाकिस्तान श्रीलंका के इस 'इमोशनल कार्ड' और 'अहसान' की लाज रखता है या फिर क्रिकेट के सबसे बड़े मुकाबले की बलि चढ़ा दी जाएगी।












Click it and Unblock the Notifications