'भारतीय टीम हमें लगातार हरा रही है', पाकिस्तान का घटिया प्रदर्शन अब देखा नहीं जाता, टूटा अकरम का दिल!
IND vs PAK Asia Cup 2025: भारत ने एशिया कप 2025 के सुपर फोर मुकाबले में पाकिस्तान को एक बार फिर से करारी शिकस्त दी है। यह पिछले आठ दिनों में दूसरी बार था, जब भारत ने अपने चिर प्रतिद्वंद्वी को आसानी से हरा दिया। भारत की इस जीत ने एक बार फिर से यह साबित कर दिया है कि दोनों टीमों के बीच कितना बड़ा अंतर आ चुका है। भारत ने पाकिस्तान को 6 विकेट से हराया और इस जीत के बाद पाकिस्तान के पूर्व दिग्गज क्रिकेटर वसीम अकरम ने अपनी निराशा जाहिर की।
हार के बाद छलका वसीम अकरम का दर्द (IND vs PAK Asia Cup 2025)
मैच के बाद एक टीवी शो में वसीम अकरम ने कहा कि पाकिस्तान का प्रदर्शन देखना काफी मुश्किल है। उन्होंने स्वीकार किया कि पिछले चार-पांच सालों से भारत ने पाकिस्तान को हर विभाग में पछाड़ा है। वसीम अकरम ने अपनी बात कहते हुए कहा कि मैं दिल की बात कह रहा हूं। पाकिस्तान को देखना मुश्किल है। मैं एक पूर्व खिलाड़ी होने के नाते जानता हूं कि हार-जीत खेल का हिस्सा है। लेकिन पिछले चार या पांच सालों से भारत ने पाकिस्तान को हर विभाग में पछाड़ दिया है।

भारत से जीतना हुआ मुश्किल
अकरम ने आगे कहा कि हमने एक या दो बार कहीं-कहीं जीत हासिल की है, लेकिन भारत का प्रदर्शन अविश्वसनीय रहा है। उनकी प्रतिभा, उनकी गहराई, सब कुछ लाजवाब है। एक-दो कैच तो किसी भी खेल में छूट सकते हैं, यह ठीक है। लेकिन जब 10 ओवर में 91 रन बनाने के बाद हम 200 तक नहीं पहुंच पाते तो कहने के लिए कुछ नहीं बचता।
भारत ने टॉस जीतकर चुनी गेंदबाजी
मैच में टॉस जीतकर भारत ने पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। पाकिस्तान की नई सलामी जोड़ी साहिबजादा फरहान और फखर जमान ने शानदार शुरुआत दी। फखर जमान ने जसप्रीत बुमराह जैसे गेंदबाज पर भी खुलकर हमला बोला। हालांकि, फखर एक विवादास्पद फैसले के बाद आउट हो गए, लेकिन फरहान ने अपनी बेहतरीन बल्लेबाजी जारी रखी और अर्धशतक जड़ा।
भारत ने आसानी से दर्ज की जीत
एक समय ऐसा लग रहा था कि पाकिस्तान 190 से ज्यादा का स्कोर बनाएगा। लेकिन भारतीय गेंदबाजों ने शानदार वापसी करते हुए रन गति पर लगाम लगाई और नियमित अंतराल पर विकेट लिए। पाकिस्तान 20 ओवर में 171 रन ही बना सका। जवाब में भारत के सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा और शुभमन गिल ने पाकिस्तानी गेंदबाजों की जमकर धुनाई की। दोनों ने पहले विकेट के लिए 59 गेंदों में 105 रनों की तूफानी साझेदारी की। इसके बाद भले ही भारत के कुछ विकेट गिरे, लेकिन उनकी जीत पर कोई सवाल नहीं उठा। भारतीय टीम ने 7 गेंदें बाकी रहते 6 विकेट से मैच अपने नाम कर लिया।












Click it and Unblock the Notifications