IND vs NZ: भारत की जीत में चमके विराट कोहली, वडोदरा ODI में लगी कीर्तिमानों की झड़ी
IND vs NZ: न्यूजीलैंड के खिलाफ वडोदरा में खेले गए पहले एकदिवसीय मुकाबले में टीम इंडिया ने 4 विकेट से जीत दर्ज कर ली। केएल राहुल ने छक्के से टीम इंडिया को जिताया लेकिन असली हीरो विराट कोहली रहे। उन्होंने 93 रनों की बेहतरीन पारी खेलकर टीम इंडिया को सीरीज में बढ़त दिला दी।
मुकाबले में कुछ रिकॉर्ड बने, उनमें विराट कोहली का दबदबा देखने को मिला। विराट कोहली आज 85वां शतक हो जाता लेकिन वह नर्वस नाइंटीज का शिकार हो गए। इस मैच में बने सभी आंकड़ों के बारे में आपको जरूर जानना चाहिए।

अवॉर्ड्स की एलीट लिस्ट में विराट कोहली
वनडे क्रिकेट में सबसे ज़्यादा प्लेयर ऑफ़ द मैच अवॉर्ड्स की बात करें तो इस सूची में अभी भी सचिन तेंदुलकर (62) सबसे ऊपर हैं। उनके बाद सनथ जयसूर्या (48) का नाम आता है, लेकिन विराट कोहली 45 अवॉर्ड्स के साथ बेहद करीब पहुंच चुके हैं। मौजूदा खिलाड़ियों में कोहली इस लिस्ट में टॉप पर हैं और जिस रफ्तार से वह प्रदर्शन कर रहे हैं, उससे सचिन का रिकॉर्ड भी खतरे में दिख रहा है।
300+ रन के चेज़ में भी किंग का दबदबा
बड़े लक्ष्य का पीछा करना आसान नहीं होता, लेकिन 300 से ज्यादा रनों के सफल चेज़ में विराट कोहली का रिकॉर्ड उन्हें बाकी सबसे अलग बनाता है। 12 पारियों में कोहली ने 1091 रन बनाए हैं, वो भी 121.22 की औसत से। उनकी स्ट्राइक रेट 125.25 रही है, जो यह दिखाती है कि उन्होंने सिर्फ टिककर नहीं, बल्कि आक्रामक क्रिकेट खेला है। इस दौरान उनके बल्ले से 7 शतक और 2 अर्धशतक निकले हैं, जो किसी भी बल्लेबाज़ के लिए अविश्वसनीय आंकड़े हैं।
लगातार 50+ स्कोर में भी कोहली नंबर वन
वनडे क्रिकेट में लगातार पांच या उससे ज्यादा पारियों में 50+ स्कोर बनाने का रिकॉर्ड भी विराट कोहली के नाम दर्ज है। कोहली यह कारनामा 5 बार कर चुके हैं, जबकि क्विंटन डिकॉक, केन विलियमसन और बाबर आज़म जैसे दिग्गज बल्लेबाज़ यह उपलब्धि सिर्फ 2-2 बार हासिल कर पाए हैं।
रोहित शर्मा के छक्कों का कीर्तिमान
रोहित शर्मा ने इंटरनेशनल क्रिकेट में 650 छक्कों का आंकड़ा हासिल कर लिया है। अपनी छोटी पारी में 2 छक्के जड़कर वह इस उपलब्धि तक पहुंचने वाले दुनिया के पहले बल्लेबाज बन गए हैं।












Click it and Unblock the Notifications