IND vs NZ: आज शाम 7 बजे कौन बनेगा नया वर्ल्ड चैंपियन? फ्री में फाइनल मैच देखने का मिल गया धांसू जुगाड़
IND vs NZ, T20 World Cup 2026 final: भारतीय क्रिकेट टीम रविवार यानी 8 मार्च को क्रिकेट इतिहास के एक सुनहरे पन्ने को लिखने के करीब है। अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में होने वाले टी20 वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल में भारत का सामना न्यूज़ीलैंड से होगा। यदि भारतीय टीम यह मुकाबला जीतती है, तो वह न केवल तीन बार खिताब जीतने वाली पहली टीम बनेगी, बल्कि टी20 वर्ल्ड कप इतिहास में अपना खिताब सफलतापूर्वक बचाने वाली भी पहली टीम होगी।
शानदार फॉर्म में टीम इंडिया के खिलाड़ी (IND vs NZ, T20 World Cup 2026 final)
भारत ने सेमीफाइनल में इंग्लैंड को हराकर लगातार दूसरे फाइनल में प्रवेश किया है। इस सफर में संजू सैमसन 'एक्स-फैक्टर' बनकर उभरे हैं। उन्होंने सेमीफाइनल में 42 गेंदों पर 89 रनों की विस्फोटक पारी खेली, जबकि सुपर-8 के अहम मैच में भी 97 रन बनाए थे। बल्लेबाजी में ईशान किशन (263 रन) और कप्तान सूर्यकुमार यादव (242 रन) ने पूरे टूर्नामेंट में निरंतरता दिखाई है।

टिम सीफर्ट और फिन एलन हो सकते हैं खतरा
गेंदबाजी की कमान वरुण चक्रवर्ती (13 विकेट) के हाथों में है, जबकि जसप्रीत बुमराह और हार्दिक पांड्या ने निर्णायक मौकों पर विकेट निकालकर भारत की स्थिति मजबूत की है। न्यूज़ीलैंड की टीम दक्षिण अफ्रीका को 9 विकेट से रौंदकर फाइनल में पहुंची है। उनके ओपनर फिन एलेन ने सेमीफाइनल में मात्र 33 गेंदों पर वर्ल्ड कप इतिहास का सबसे तेज़ शतक जड़कर अपनी ताकत का प्रदर्शन किया है। एलेन (289 रन) और टिम सीफर्ट (274 रन) की जोड़ी भारतीय गेंदबाजों के लिए सबसे बड़ी चुनौती होगी। गेंदबाजी में रचिन रवींद्र 11 विकेटों के साथ कीवी टीम के मुख्य हथियार बने हुए हैं।
इतिहास बदलने की चुनौती
दिलचस्प बात यह है कि कुल टी20 मैचों में भारत 16-11 से आगे है, लेकिन टी20 वर्ल्ड कप के इतिहास में भारत आज तक न्यूज़ीलैंड को कभी नहीं हरा सका है। विश्व कप के मंच पर अब तक हुए तीनों मुकाबलों में कीवी टीम ने जीत दर्ज की है। ऐसे में सूर्या की सेना के सामने इस पुराने रिकॉर्ड को अपने घरेलू दर्शकों के सामने बदलने की कड़ी चुनौती होगी।
फ्री में देख सकेंगे लाइव
यह खिताबी मुकाबला भारतीय समयानुसार शाम 7:00 बजे शुरू होगा। इसका सीधा प्रसारण स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क पर और लाइव स्ट्रीमिंग जियो-हॉटस्टार ऐप व वेबसाइट पर उपलब्ध होगी। इसके अलावा डिश टीवी के डीडी स्पोर्ट्स पर मैच का लाइव प्रसारण फ्री में किया जाएगा।












Click it and Unblock the Notifications