IND vs NZ: अहमदाबाद की पिच पर स्पिनर्स बिछाएंगे जाल या बल्लेबाजों की होगी मौज? क्या बारिश बिगाड़ेगी खेल!
IND vs NZ, Pitch-Weather Report: भारतीय क्रिकेट टीम एक बार फिर इतिहास रचने के बेहद करीब खड़ी है। करीब ढाई साल पहले जिस मैदान से भारतीय खिलाड़ियों को खाली हाथ लौटना पड़ा था, वहीं अब टीम कुछ ऐसा कर सकती है जो आज से पहले कभी नहीं हुआ। दरअसल, टी-20 वर्ल्ड कप के इतिहास में कोई भी टीम लगातार दो बार खिताब जीतने में सफल नहीं रही है। लेकिन भारत के पास ऐसा करने का मौका है।
लाल मिट्टी की पिच पर होगा मैच (IND vs NZ, Pitch-Weather Report)
अहमदाबाद का नरेंद्र मोदी स्टेडियम रविवार को भारत और न्यूजीलैंड के बीच टी20 वर्ल्ड कप 2026 के महा-मुकाबले की मेजबानी के लिए तैयार है। फैंस के मन में 2023 वनडे वर्ल्ड कप फाइनल की हार की यादें ताजा हैं, लेकिन इस बार पिच का बदला हुआ मिजाज एक नई कहानी लिख सकता है। अहमदाबाद के इस विशाल मैदान पर पिच को लेकर सबसे बड़ी खबर यह है कि फाइनल के लिए इस्तेमाल होने वाली सतह में लाल मिट्टी की मात्रा अधिक रखी गई है।

हाई-स्कोरिंग मुकाबले की उम्मीद
लाल मिट्टी की खासियत यह है कि यह काली मिट्टी की तुलना में अधिक ठोस होती है, जिससे गेंद बल्ले पर ट्रू बाउंस के साथ आती है। इसका सीधा फायदा उन बल्लेबाजों को मिलेगा जो गेंद की गति का इस्तेमाल कर शॉट खेलना पसंद करते हैं। पिच की प्रकृति को देखते हुए विशेषज्ञों का मानना है कि यह एक हाई-स्कोरिंग मुकाबला होगा। वानखेड़े जैसी ही सपाट परिस्थितियों की उम्मीद यहाँ भी की जा रही है, जहां बल्लेबाजों को अपने शॉट्स खेलने के लिए पूरी आजादी मिलेगी।
ऐसा रहेगा मौसम का मिजाज
रविवार को अहमदाबाद में मौसम खिलाड़ियों और दर्शकों दोनों के लिए चुनौतीपूर्ण रहने वाला है। एक्यूवेदर के अनुसार, दोपहर के समय पारा 41 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने का अनुमान है। मैच शुरू होने तक (शाम 7 बजे) तापमान गिरकर 29 डिग्री के आसपास आ जाएगा। आसमान साफ रहेगा और बारिश की कोई संभावना नहीं है। हालांकि, शाम के समय ओस की भूमिका महत्वपूर्ण हो सकती है, जो दूसरी पारी में गेंदबाजी को कठिन बना सकती है।
पुराने इतिहास को बदलने की चुनौती
भारत के लिए यह मैदान पिछले कुछ समय से 'हार्टब्रेक' का केंद्र रहा है। 2023 फाइनल की हार के अलावा, इसी वर्ल्ड कप के सुपर-8 में दक्षिण अफ्रीका ने भारत को यहीं करारी शिकस्त दी थी। दूसरी ओर, न्यूजीलैंड भी उतार-चढ़ाव भरे सफर के बाद फाइनल में पहुंचा है। फिन एलेन की 33 गेंदों वाली सेंचुरी ने कीवी टीम के हौसले बुलंद कर दिए हैं।












Click it and Unblock the Notifications