IND vs NZ: न्यूजीलैंड फिर से दहाड़ेगी या भारत लेगा सेमीफाइनल का बदला? जानें वनडे में किसका पलड़ा भारी
India vs New Zealand, 21st Match: आईसीसी वनडे वर्ल्ड कप के 21वें मैच में भारत का सामन न्यूजीलैंड से होगा। ये हाई-वोल्टेज मैच हिमाचल प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन स्टेडियम, धर्मशाला में खेला जाएगा। टीम इंडिया अपने 4 मैचों में जीत के साथ अंक तालिका में दूसरे स्थान पर है। जबकि 4 मैचों में जीत के साथ न्यूजीलैंड बेहतर नेट रनरेट के आधार पर अंक तालिका में टॉप पर है।
न्यूजीलैंड से भारत लेगा सेमीफाइनल का बदला?
इस मुकाबले में भारत के पास विश्व कप 2019 के सेमीफाइनल में न्यूजीलैंड से मिली हार का बदला लेने का शानदार मौका होगा। टूर्नामेंट के उस रोचक मुकाबले को कोई कभी नहीं भूल सकता, जब विराट कोहली के हाथों में टीम इंडिया की कमान थी, और भारत खिताब जीतने से मात्र एक कदम की दूरी पर था। इस मैच में न्यूजीलैंड ने भारत के सामने 239 रनों का लक्ष्य रखा था. लेकिन, टीम इंडिया महज 221 रन पर ही सिमट गई। इस मुकाबले में महेंद्र सिंह धोनी का रन आउट होना आज भी फैंस को दुखी कर देता है।

न्यूजीलैंड के खिलाफ हार्दिक का न होना बड़ा सकता है मुश्किल
दरअसल, टीम इंडिया के लिए चिंता की बात ये है कि हार्दिक पंड्या रविवार को धर्मशाला में न्यूजीलैंड के खिलाफ भारत के अगले विश्व कप 2023 मुकाबले में नहीं खेलेंगे। बीसीसीआई ने एक विज्ञप्ति में बताया कि, 'हार्दिक पंड्या को पुणे के महाराष्ट्र क्रिकेट एसोसिएशन स्टेडियम में बांग्लादेश के खिलाफ भारत के मैच के दौरान अपनी ही गेंदबाजी के दौरान फील्डिंग करते समय बाएं टखने में चोट लग गई।
ऑलराउंडर को स्कैन के लिए ले जाया गया और आराम की सलाह दी गई है। वह मेडिकल टीम की निगरानी में रहेंगे। वह 20 अक्टूबर को टीम के साथ धर्मशाला के लिए उड़ान नहीं भरेंगे और अब सीधे लखनऊ में टीम में शामिल होंगे जहां भारत का सामना इंग्लैंड से होगा।
जानें वनडे में भारत और न्यूजीलैंड में से किसका पलड़ा भारी
भारत और न्यूजीलैंड के बीच अब तक कुल 116 वनडे मैच खेले गए हैं। इस दौरान टीम इंडिया ने कुल 58 वनडे मैच जीते हैं, वहीं कीवी टीम ने 50 मैचों में जीत दर्ज की है। इस आंकड़े के अनुसार टीम इंडिया न्यूजीलैंड के खिलाफ इस फॉर्मेट में मजबूत स्थिति में है।












Click it and Unblock the Notifications