IND vs NED: रोहित, कोहली, सूर्या का अर्धशतक, भारत ने नीदरलैंड को दिया 180 का लक्ष्य
IND vs NED: नीदरलैंड के खिलाफ विश्वकप के अपने दूसरे मुकाबले में भारतीय टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 179 रन बनाए। टीम के कप्तान रोहित शर्मा ने जबरदस्त बल्लेबाजी करते हुए 53 रनों की पारी खेली। उन्होंने 39 गेंदों पर 53 रन बनाए। इस पारी में रोहित शर्मा ने 3 छक्के लगाए। वहीं विराट कोहली ने भी बेहतरीन बल्लेबाजी करते अर्धशतकीय पारी खेली। विराट कोहली ने 44 गेंदों पर 62 रनों की नाबाद पारी खेली। अपनी पारी में कोहली ने 2 छक्के 3 चौके लगाए। जबकि सूर्यकुमार यादव ने 25 गेंदों पर 51 रनों की नाबाद पारी खेली।

नीदरलैंड के खिलाफ मैच में भारतीय टीम की शुरुआत अच्छी नहीं हुई। सलामी बल्लेबाज केएल राहुल का खराब प्रदर्शन इस मैच में भी जारी रहा। महज 9 रन के स्कोर पर केएल राहुल मीकरन की गेंद पर एलबीडब्ल्यू आउट हो गए। हालांकि इसके बाद रोहित शर्मा और विराट कोहली ने टीम इंडिया की पारी को संभाला। शुरुआती 9 ओवर की बात करें तो टीम इंडिया की बल्लेबाजी काफी सुस्त रही। लेकिन 10वें ओवर में रोहित शर्मा ने डी लीडे पर जमकर हमला बोला। दसवे ओवर में रोहित ने हाथ खोला और ओवर में एक छक्का और एक चौका लगाया। भारत को दसवे ओवर में 14 रन मिले और टीम का स्कोर 67 रन पहुंच गया। 10वें ओवर तक कोहली 16 गेंदों पर 14 रन के स्कोर पर थे, जबकि रोहित शर्मा 32 गेंदों पर 42 रन के स्कोर पर पहुंच गए थे।
Recommended Video
10वें ओवर के बाद ड्रिंक्स ब्रेक हुआ और इसके बाद रोहित शर्मा ने अपनी बल्लेबाजी की रफ्तार बढ़ाई और 11वें ओवर में तेजी से रन बटोरते हुए अपना अर्धशतक पूरा किया। लगातार दो चौके लगाकर रोहित शर्मा ने अपना अर्धशतक पूरा किया। लेकिन 11वें ही ओवर में वह क्लासेन की गेंद पर 53 रन बनाकर पवेलियन लौट गए। रोहित शर्मा ने 39 गेंदों पर 53 रनों की पारी खेली। अपनी पारी में रोहित ने 3 छक्के और 4 चौके लगाए। हालांकि रोहित शर्मा आउट हो गए लेकिन दूसरे छोर पर विराट कोहली का बल्ला बोल रहा था और वह तेजी से स्कोर बोर्ड को बढ़ा रहे थे।
रोहित शर्मा के आउट होने के बाद सूर्यकुमार यादव विराट कोहली का साथ देने के लिए आए। सूर्य कुमार यादव ने जबरदस्त शुरुआत की और अपनी तीसरी ही गेंद पर चौका जड़कर तेवर साफ कर दिया था। चौदहवें ओवर में सूर्य कुमार यादव ने लगातार दो चौके जड़े और अपने स्कोर को महज 6 गेंद पर 12 रन पर पहुंचा दिया। 17वें ओवर में विराट कोहली ने हाथ खोलते हुए 4 गेंदों पर 13 रन हासिल किए और 37 गेंदों पर अपना अर्धशतक पूरा किया। विराट कोहली ने 3 चौके और 1 छक्के की मदद से अपना अर्धशतक पूरा किया। वहीं सूर्यकुमार यादव ने 25 गेंदों पर ही अपना अर्धशतक पूरा कर लिया। इनिंग की आखिरी गेंद पर छक्का लगाकर शानदार अंदाज में सूर्यकुमार ने अपना अर्धशतक पूरा किया। इस पारी में सूर्यकुमार ने 7 चौके और 1 छक्का लगाया।
टीम इंडिया प्लेइंग-11
केएल राहुल, रोहित शर्मा, विराट कोहली, सूर्यकुमार यादव, हार्दिक पांड्या, दिनेश कार्तिक, अक्षर पटेल, रविचंद्रन अश्विन, भुवनेश्वर कुमार, मोहम्मद शमी, अर्शदीप सिंह
नीदरलैंड की प्लेइंग-11
विक्रमजीत सिंह, मैक्स ओडोड, बैस डी लीड, कोलिन एकरमैन, टॉम कूपर, स्कॉट एडवर्ड्स, टिम प्रिंगल, लोगन वैन बीक, शारिज अहमद, फ्रेड क्लासेन, पॉल वैन मीक्रेन












Click it and Unblock the Notifications