IND vs IRE: बुमराह एंड कंपनी की तूफानी गेंदबाजी, पहले टी20 में आयरलैंड को कम स्कोर पर रोका
India vs Ireland T20: आयरलैंड के खिलाफ पहले टी20 मुकाबले में भारतीय टीम की तरफ से धाकड़ गेंदबाजी का प्रदर्शन देखने को मिला। मेजबान टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 7 विकेट खोकर 139 रनों का स्कोर बनाया। टीम इंडिया के लिए बुमराह, बिश्नोई और अर्शदीप ने बेहतरीन गेंदबाजी की।
जसप्रीत बुमराह ने अपनी वापसी धमाकेदार अंदाज में करते हुए आयरलैंड के ओपनर बल्लेबाज एंड्रू बैलबर्नी को 4 रन के निजी स्कोर पर आउट कर दिया। वह यहीं नहीं रुके और लॉर्कन टकर को आते ही पवेलियन की राह दिखा डाली। टकर खाता खोले बिना आउट हो गए और एक ही ओवर में बुमराह को दो विकेट मिल गए। (Photo: BCCI Twitter)

पॉल स्टर्लिंग स्पिन गेंदबाजी के सामने गच्चा खा गए और 11 रनों के निजी स्कोर पर आउट होकर चलते बने। उनको रवि बिश्नोई ने आउट किया। डेब्यू मैच खेल रहे प्रसिद्ध कृष्णा भी पीछे नहीं रहे। हैरी टेक्टर को आउट कर प्रसिद्ध कृष्णा ने पहला विकेट झटका। इसके बाद उन्होंने जॉर्ज डॉकरेल को 1 रन के निजी स्कोर पर चलता किया। इस तरह आयरलैंड की आधी टीम 31 के कुल स्कोर पर सिमट गई।
मार्क अडायर ने कुछ देर क्रीज पर टिकने का प्रयास किया लेकिन 16 रनों के निजी स्कोर पर उनको रवि बिश्नोई ने पगबाधा आउट करते हुए पवेलियन भेज दिया। इस तरह आयरलैंड की टीम ने अपना छठा विकेट भी गंवा दिया। हालांकि इन सबके बीच कर्टिस कैम्फर एक छोर पर टिके रह गए। उनके साथ बैरी मैकार्थी भी क्रीज पर रुके और दोनों ने सातवें विकेट के लिए अर्धशतकीय भागीदारी की।
कर्टिस कैम्फर को अर्शदीप सिंह ने 39 के निजी स्कोर पर बोल्ड कर वापस पवेलियन की राह दिखा दी। मैकार्थी ने 33 गेंदों में 4 चौके और 4 छक्कों से नाबाद 51 रनों की नाबाद पारी खेल टीम को 139 के स्कोर तक पहुंचा दिया। भारत के लिए बुमराह और बिश्नोई ने 2-2 विकेट झटके। प्रसिद्ध कृष्णा को भी 2 विकेट मिले।












Click it and Unblock the Notifications