हॉन्ग कॉन्ग के खिलाफ Suryakumar Yadav ने रचा इतिहास, एक-एक कर तोड़े कई रिकॉर्ड्स
सूर्यकुमार यादव (Suryakumar Yadav).. पिछले दो साल में ये नाम भारतीय क्रिकेट टीम के बल्लेबाजी क्रम का सबसे बड़ा हिस्सा बन गया है। फॉर्मेट चाहे वनडे हो या टी20 सूर्या का बल्ला जमकर विपक्षी टीम के आग उगलता है।
स्पोर्ट्स डेस्क, 1 सितंबर: सूर्यकुमार यादव (Suryakumar Yadav).. पिछले दो साल में ये नाम भारतीय क्रिकेट टीम के बल्लेबाजी क्रम का सबसे बड़ा हिस्सा बन गया है। फॉर्मेट चाहे वनडे हो या टी20 सूर्या का बल्ला जमकर विपक्षी टीम के खिलाफ जमकर आग उगलता है। बुधवार को एशिया कप में हॉन्ग कॉन्ग के खिलाफ भी ऐसा ही कुछ देखने को मिला। 31 वर्षीय बल्लेबाज ने तूफानी पारी खेलते हुए महज 26 गेंदों में 68 रन की नाबाद पारी खेली। इस पारी के दौरान उन्होंने कई बड़े रिकॉर्ड्स भी अपने नाम किए।
Recommended Video

खूब बोला सूर्या का बल्ला
हॉन्ग कॉन्ग के खिलाफ पारी में 6 चौके और 6 छक्के लगाने वाले सूर्यकुमार यादव ने एशिया कप में इतिहास रच दिया है। दरअसल, सूर्यकुमार एशिया कप (टी20 फॉर्मेट) में भारत की ओर से एक पारी में सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले खिलाड़ी बन गए हैं। सूर्या से पहले किसी भी भारतीय ने इस टूर्नामेंट के टी20 प्रारूप की एक पारी में इतने छक्के नहीं लगाए थे। संयुक्त रूप से भी यादव अफगानिस्तान के नजीबुल्लाह जादरान के साथ पहले पायदान पर है। जादरान ने बांग्लादेश के खिलाफ हाल ही में एक पारी में 6 छक्के जड़े थे।

सबसे ज्यादा बाउंड्री
सूर्यकुमार यादव ने हॉन्ग कॉन्ग के खिलाफ कुल मिलाकर 12 चौके-छक्के लगाए। इसके साथ ही एशिया कप के एक मैच में भारत की ओर से सबसे ज्यादा बाउंड्री लगाने वाले खिलाड़ी भी बन गए हैं। दाएं हाथ के बल्लेबाज से पहले ये बड़ा रिकॉर्ड रोहित शर्मा और शिखर धवन के नाम पर दर्ज था। दोनों ने 2016 के एशिया कप में बांग्लादेश के खिलाफ एक पारी में 10 चौके-छक्के लगाए थे। ओवरऑल ये कीर्तिमान बांग्लादेश के सब्बीर रहमान (13) के नाम पर दर्ज है। सब्बीर ने भी 2016 के टूर्नामेंट में श्रीलंका के खिलाफ ये कारनामा किया था।

छठा सबसे तेज अर्धशतक
सूर्यकुमार यादव ने मैच में केवल 22 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया था। टी20 इंटरनेशनल में ये उनकी छठी फिफ्टी रही। इसके साथ ही भारत की ओर से T20I का ये छठा सबसे तेज अर्धशतक भी रहा। टीम इंडिया के लिए इस फॉर्मेट में सबसे तेज फिफ्टी लगाने का रिकॉर्ड युवराज सिंह (12) के नाम पर दर्ज है। उनके बाद केएल राहुल (18), गौतम गंभीर (19) और फिर युवराज सिंह (20) का नाम आता है। युवी ने दो बार 20 गेंदों में फिफ्टी लगाई है।

भारत की ओर से सबसे ज्यादा रन
भारत की पारी के आखिरी ओवर में कुल 26 रन बने और ये सभी रन सूर्यकुमार यादव के बल्ले से निकले। 20वें ओवर में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले सूर्या भारत के पहले और दुनिया के तीसरे खिलाड़ी बने।
T20I में 20वें ओवर में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ी
- 28 - मार्लन सैमुअल्स (WI) बनाम रुबेल हुसैन (BAN), 2012
- 26 - एरोन फिंच (AUS) बनाम काइल जैमीसन (NZ), 2021
- 26 - सूर्यकुमार यादव (IND) बनाम हारून अरशद (HK), 2022

800 के करीब रन
31 वर्षीय सूर्यकुमार यादव ने पिछले साल इंग्लैंड के खिलाफ अपने टी20 इंटरनेशनल करियर का आगाज किया था। अभी तक खेले 25 T20I मैचों में वह लगभग 40 की औसत और 177.52 के ताबड़तोड़ स्ट्राइक रेट के साथ कुल 758 रन बना चुके हैं। 23 पारियों में उनके नाम पर छह अर्धशतक और एक शतक भी दर्ज है।












Click it and Unblock the Notifications