IND vs ENG: चौथे दिन होगा असली घमासान या फिर बारिश करेगी परेशान? जानें मौसम का ताजा हाल
IND vs ENG, Weather Report: भारत और इंग्लैंड के बीच ओवल में खेला जा रहा पांचवां और अंतिम टेस्ट अब बेहद रोमांचक मोड़ पर पहुंच चुका है। तीसरे दिन का खेल खत्म होने तक इंग्लैंड ने दूसरी पारी में 1 विकेट पर 50 रन बना लिए हैं। लक्ष्य है 374 रन यानी अब इंग्लैंड को जीत के लिए 324 रन और बनाने हैं, जबकि भारत को चाहिए सिर्फ 9 विकेट। ऐसे में चौथे दिन का पहला सेशन काफी अहम है।
भारत ने बनाए थे 396 रन (IND vs ENG, Weather Report)
तीसरे दिन भारत की बल्लेबाज़ी ने सबका दिल जीत लिया। 75/2 से आगे खेलते हुए यशस्वी जायसवाल और नाइटवॉचमैन आकाश दीप ने शानदार साझेदारी की। आकाश दीप ने अपने टेस्ट करियर का पहला अर्धशतक जड़ते हुए 66 रन बनाए। वहीं, जायसवाल ने 118 रनों की लाजवाब पारी खेली। हालांकि शुभमन गिल (11) और करुण नायर (17) ज्यादा देर टिक नहीं पाए, लेकिन जडेजा (53), ध्रुव जुरेल (34) और वॉशिंगटन सुंदर (46 गेंदों में 53 रन) की तेजतर्रार पारियों की मदद से भारत ने 396 रन का मजबूत स्कोर खड़ा किया।

गेंदबाजों को दिखाना होगा दम
इसके जवाब में इंग्लैंड ने अच्छी शुरुआत की। ज़ैक क्रॉली और बेन डकेट ने पहले विकेट के लिए 50 रन जोड़े, लेकिन स्टंप्स से ठीक पहले मोहम्मद सिराज ने क्रॉली को एक जबरदस्त इनस्विंग यॉर्कर पर बोल्ड कर भारत को बड़ी सफलता दिला दी। ऐसे में अब भारत की उम्मीदें काफी बढ़ गई है। चौथे दिन गेंदबाजों को एक बार फिर अपना दमखम दिखाना होगा।
चौथे दिन मौसम बनेगी विलेन?
पहले दो दिन बारिश ने खेल में खलल डाला, लेकिन तीसरे दिन मौसम साफ रहा। अब सबकी निगाहें चौथे दिन के मौसम पर हैं। मौसम विभाग की मानें तो दोपहर के समय 40 से 50% बारिश की संभावना है, जिससे खेल कुछ देर रुके या ओवर कम हो सकते हैं। हालांकि सुबह का समय सूखा रहने की उम्मीद है, जो भारत के गेंदबाज़ों के लिए सुनहरा मौका हो सकता है। तापमान 18 से 22 डिग्री सेल्सियस के बीच रहेगा और नमी करीब 70% तक हो सकती है, जिससे स्विंग को मदद मिल सकती है।












Click it and Unblock the Notifications