IPL के बाद इंग्लैंड पहुंचे भारतीय खिलाड़ी, टेस्ट में बतौर कप्तान शुभमन गिल की होगी अग्नि परीक्षा
IND vs ENG Shubman Gill: भारतीय टेस्ट टीम शुभमन गिल की कप्तानी में अपना दमखम दिखाने को तैयार है। कप्तान शुभमन गिल की असली अग्निपरीक्षा 20 जून से लीड्स के मैदान में शुरू होगी। भारतीय खिलाड़ी इस सीरीज को खेलने के लिए इंग्लैंड पहुंच चुके हैं। भारत की कोशिश इंग्लैंड के खिलाफ टेस्ट सीरीज को जीतने की होगी। भारतीय टीम ने इस सीरीज में कई युवा खिलाड़ियों को शामिल किया है।
इतिहास रचने को तैयार शुभमन गिल (IND vs ENG Shubman Gill)
इंग्लैंड में पांच टेस्ट मैचों की सीरीज से पहले भारत के नए टेस्ट कप्तान शुभमन गिल ने मीडिया से बातचीत की। यह पहला अवसर है जब वे टेस्ट टीम का नेतृत्व कर रहे हैं। गिल ने बताया कि चयनकर्ताओं ने उन पर भरोसा इसलिए जताया क्योंकि उनमें पहले से अधिक परिपक्वता और सोचने समझने की क्षमता बढ़ी है। शुभमन गिल अपनी कप्तानी में इंग्लैंड में इतिहास रचना चाहेंगे।

शुभमन गिल ने कही दिल की बात
शुभमन गिल ने कहा कि मेरी कप्तानी की शैली मेरी खुद की होगी और यह अनुभव के साथ विकसित होगी। मैं खिलाड़ियों को सुरक्षित और आरामदायक महसूस कराना चाहता हूं ताकि वे बेहतरीन प्रदर्शन कर सकें। उन्होंने यह भी माना कि यह जिम्मेदारी उनके लिए बहुत बड़ी है और वे इस चुनौती के लिए तैयार हैं। शुभमन गिल भारतीय टीम को विदेशी सरजमीं पर जीत दिलाने की भरपूर कोशिश करेंगे।
साई सुदर्शन और करुण नायर को मिला मौका
टीम में इस बार रोहित शर्मा और विराट कोहली जैसे अनुभवी खिलाड़ी नहीं हैं, जो लगभग 190 टेस्ट मैच खेल चुके हैं। उनकी अनुपस्थिति से टीम में बड़ा अनुभव का अंतर आया है, लेकिन चयनकर्ताओं ने इसे युवाओं को मौका देने का अवसर माना है। टीम में युवा साई सुदर्शन और अनुभवी करुण नायर जैसे खिलाड़ी शामिल हैं, जिन्होंने पहले अभ्यास मैच में अच्छा प्रदर्शन किया है।
प्लेइंग 11 पर फैसला होना बाकी
शुभमन गिल ने यह भी कहा कि टीम में अनुभव और युवा खिलाड़ियों का अच्छा मिश्रण है, जिससे टीम मजबूत होगी। हालांकि टीम के बल्लेबाजी क्रम को लेकर अभी फैसला होना बाकी है। गिल ने कहा कि वे नंबर 3 या नंबर 4 पर बल्लेबाजी कर सकते हैं, लेकिन अंतिम निर्णय अभी नहीं लिया गया है।












Click it and Unblock the Notifications