IND vs ENG: 'मुझसे गलती हो गई,' जडेजा ने रन आउट मामले पर सरफराज से मांगी माफ़ी
Sarfaraz Khan and Ravindra Jadeja: राजकोट में इंग्लैंड के खिलाफ तीसरे टेस्ट के पहले दिन सरफराज खान की धांसू पारी का अंत रविन्द्र जडेजा की खराब कॉल के कारण हो गया। इसके बाद फैन्स ने जडेजा को ट्रोल किया और जमकर खरी-खोटी सुनाई। सरफराज भी नाराज दिखे।
इस बीच रविन्द्र जडेजा अपना शतक पूरा कर नाबाद लौटे लेकिन सरफराज को आउट कराने वाली घटना उनके दिमाग में थी और उन्होंने इसका जिक्र करते हुए इस युवा खिलाड़ी से माफ़ी मांग ली है। जडेजा ने खुद की गलती भी मानी है और इसका सोशल मीडिया पर जिक्र किया है।

अपने इन्स्टाग्राम पर स्टोरी डालते हुए जडेजा ने रन आउट वाली घटना का जिक्र किया है। जडेजा ने लिखा कि मुझे सरफराज खान के लिए बुरा लग रहा है। मैंने ही गलत कॉल कर दी थी। सरफराज ने बहुत अच्छा क्रिकेट खेला। जडेजा की यह स्टोरी अब सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हुई है।
गौरतलब है कि जडेजा जब 99 के निजी स्कोर पर खेल रहे थे, उस समय मिडऑन पर खेलकर उन्होंने सरफराज को रन लेने के लिए कॉल की थी। इसके बाद फील्डर मार्क वुड के हाथ में गेंद देखकर जडेजा नहीं दौड़े। सरफराज पलटकर वापस आए लेकिन तब तक मामला हाथ से निकल गया था।
मार्क वुड ने डायरेक्ट हिट मारकर सरफराज को 62 रनों के निजी स्कोर पर पवेलियन की राह दिखा दी। जडेजा का मुंह उस समय देखना लायक था। उनको भी बुरा लगा था। उधर ड्रेसिंग रूम में बैठे कप्तान रोहित शर्मा भी बुरी तरह भड़क गए थे रोहित शर्मा ने अपनी कैप उतारकर वहीँ फेंक दी।
इसके बाद जडेजा को काफी ट्रोल किया गया। लोगों ने उनको स्वार्थी खिलाड़ी कहा। सरफराज को लेकर फैन्स ने सहानुभूति जताई और कहा कि जडेजा ने अच्छा नहीं किया। रविन्द्र जडेजा ने बाद में अगली गेंद पर ही शतक पूरा कर लिया लेकिन सरफराज के डेब्यू टेस्ट की बेहतरीन पारी का अंत उनकी गलत कॉल से हो गया।












Click it and Unblock the Notifications