Gautam Gambhir Fight: मैच से पहले कोच गौतम गंभीर की हुई लड़ाई, इंग्लैंड में मचा बड़ा बवाल, वीडियो वायरल
Gautam Gambhir Fight: भारतीय टेस्ट टीम के हेड कोच गौतम गंभीर एक बार फिर चर्चा में हैं। इंग्लैंड के ओवल मैदान पर पांचवें और अंतिम टेस्ट से पहले वो वहां के ग्राउंड स्टाफ से उलझते नजर आए। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार ये घटना मंगलवार को हुई, जब भारतीय टीम का पहला अभ्यास सत्र तय था। गंभीर मैदान की तैयारियों और सुविधाओं को लेकर खासे नाराज दिखे और बात इतनी बढ़ गई कि दोनों पक्षों के बीच तीखी बहस हो गई।
आखिर क्यों गौतम गंभीर को आया गुस्सा (Gautam Gambhir Fight)
बताया जा रहा है कि गौतम गंभीर ने गुस्से में ग्राउंड स्टाफ पर उंगली उठाते हुए कहा कि आप हमें ये नहीं बता सकते कि हमें क्या करना है। माहौल इतना गर्म हो गया कि बैटिंग कोच सितांशु कोटक और टीम स्टाफ को बीच-बचाव करना पड़ा। ओवल के ग्राउंड स्टाफ ने इस मुद्दे पर गंभीर के खिलाफ शिकायत करने की बात भी कही, लेकिन गंभीर पीछे हटने को तैयार नहीं थे।

अपनी बेबाकी के लिए जाने जाते हैं गंभीर
उन्होंने दो टूक जवाब देते हुए कहा कि आप जिसे चाहें शिकायत कर सकते हैं। गंभीर पहले भी अपनी बेबाकी और आक्रामक तेवरों के लिए जाने जाते हैं। लेकिन इस बार मामला अंतरराष्ट्रीय स्तर पर एक मेज़बान देश के साथ जुड़ा हुआ है, जो भारतीय टीम की छवि पर असर डाल सकता है। बतौर खिलाड़ी मैदान पर भी गौतम गंभीर कई खिलाड़ियों से उलझते नजर आते रहे हैं।
गंभीर ने की शुभमन गिल की जमकर तारीफ
इस बीच गंभीर ने कप्तान शुभमन गिल की जमकर तारीफ की। उन्होंने कहा कि गिल ने चार शतक लगाकर दिखा दिया कि उनमें कप्तानी का दबाव नहीं झलकता, वो बतौर बल्लेबाज़ खेल रहे हैं। गंभीर ने टीम के जज़्बे की तारीफ करते हुए कहा कि इन खिलाड़ियों को अपनी खुद की विरासत बनानी है, किसी की परछाई में नहीं रहना। मैनचेस्टर टेस्ट ड्रॉ करने के बाद भारतीय टीम का हौसला बुलंद है। शुभमन गिल और केएल राहुल की 188 रन की साझेदारी और फिर जडेजा और सुंदर की नाबाद 203 रन की भागीदारी ने इंग्लैंड को जीत से दूर कर दिया।












Click it and Unblock the Notifications