IND vs ENG Day 1: ओवल में छाए बादल? कहीं बारिश की चाल ना बिगाड़ दे टीम इंडिया का हाल!
IND vs ENG 5th Test, Weather Report: लंदन के द ओवल मैदान में 31 जुलाई से भारत और इंग्लैंड के बीच पांच मैचों की टेस्ट सीरीज का अंतिम और निर्णायक मुकाबला खेला जाना है। इस हाई-प्रोफाइल मैच से पहले मौसम, पिच और टीम चयन को लेकर काफी चर्चाएं हो रही हैं। भारत को सीरीज ड्रा करने के लिए हर हाल में इस मुकाबले को जीतना होगा। भारतीय टीम इस सीरीज में अब तक एक जीत के अलावा दो मुकाबले गंवा चुकी है, जबकि एक मैच ड्रा पर समाप्त हुआ।
पहले दिन कैसा रहेगा मौसम (IND vs ENG 5th Test, Weather Report)
पहले दिन के मौसम की बात करें तो एक्यूवेदर की रिपोर्ट के मुताबिक बारिश की संभावना 65% तक है। साथ ही दिनभर बादल छाए रहने की संभावना भी 93% तक जताई गई है। दोपहर के समय गरज के साथ बारिश की चेतावनी भी जारी की गई है, जिससे मैच के पहले दिन का खेल प्रभावित हो सकता है। ऐसे में टॉस जीतने वाली टीम को फैसला लेने में कठिनाई हो सकती है कि पहले बल्लेबाजी करें या गेंदबाजी।

पिच से किसे मिलेगी मदद
पिच की बात करें तो ओवरहेड कंडीशन्स यानी ऊपर बादल होने से स्विंग गेंदबाजों को मदद मिल सकती है, लेकिन टीम इंडिया के गेंदबाज पहले से ही थकान से जूझ रहे हैं। यही वजह है कि रिपोर्ट्स के मुताबिक जसप्रीत बुमराह को इस टेस्ट से आराम दिया गया है, और उनकी जगह युवा तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह को टेस्ट डेब्यू का मौका मिल सकता है।
मैच से पहले गंभीर की बहस
मैच से दो दिन पहले एक और बड़ी खबर सामने आई जब टीम इंडिया के हेड कोच गौतम गंभीर और ओवल मैदान के मुख्य क्यूरेटर के बीच बहस हो गई। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। बाद में बैटिंग कोच सितांशु कोटक ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि जब कुछ कोच मैदान का मुआयना कर रहे थे तो ग्राउंड स्टाफ ने उन्हें 2.5 मीटर दूर रहने को कहा, जिससे उन्हें अजीब लगा।
पिछली बार भारत को मिली थी जीत
गौरतलब है कि टीम इंडिया ने पिछले दौरे में ओवल टेस्ट में इंग्लैंड को हराया था, और इस बार भी वह जीत के साथ सीरीज समाप्त करना चाहेगी। हालांकि दोनों ही टीमें अपने गेंदबाजी क्रम में बदलाव कर सकती हैं क्योंकि इंग्लैंड की पिचें अब तक तेज गेंदबाजों के अनुकूल नहीं रही हैं।












Click it and Unblock the Notifications