लॉर्ड्स टेस्ट में अक्षय कुमार का जलवा, पत्नी के साथ देखने पहुंचे मैच, कर चुके हैं इंग्लैंड के लिए गेंदबाजी?
IND vs ENG 3rd Test: लॉर्ड्स टेस्ट के पांचवें दिन टीम इंडिया मुश्किल में नजर आई। लंच तक भारत ने अपने आठ विकेट गंवा दिए और स्कोर सिर्फ 112 रन तक पहुंच पाया। ऋषभ पंत (9), केएल राहुल (34) और वॉशिंगटन सुंदर (0) सस्ते में आउट हो गए। जोफ्रा आर्चर और बेन स्टोक्स की धारदार गेंदबाजी ने भारतीय बल्लेबाजी की रीढ़ तोड़ दी। अब क्रीज पर रविंद्र जडेजा एक मात्र ऐसे खिलाड़ी हैं जिनसे टीम को रनों की उम्मीद होगी।
लॉर्ड्स में अक्षय कुमार की एंट्री (IND vs ENG 3rd Test)
लॉर्ड्स के ऐतिहासिक मैदान में भारत और इंग्लैंड के बीच खेले जा रहे तीसरे टेस्ट मैच को देखने बॉलीवुड एक्टर अक्षय कुमार भी पहुंचे हैं। अक्षय कुमार अपनी पत्नी ट्विंकल खन्ना के साथ मैच का आनंद लेने पहुंचे हैं। अक्षय़ कुमार ने फिल्म पटियाला हाउस में इंग्लैंड के लिए तेज गेंदबाज का किरदार निभाया था। रील लाइफ इंग्लैंड के लिए खेलने वाले रियल लाइफ में इंडिया को सपोर्ट करते नजर आए।

रवि शास्त्री के साथ नजर आए अक्षय कुमार
जहां एक तरफ मैच का रोमांच अपने चरम पर था, वहीं दर्शकों की नजरें बॉलीवुड के सुपरस्टार अक्षय कुमार और उनकी पत्नी ट्विंकल खन्ना पर भी टिकी रहीं। दोनों पति-पत्नी मैदान के स्टैंड्स में नजर आए और उनके पास ही भारत के पूर्व मुख्य कोच रवि शास्त्री भी बैठे दिखे। मैच की बात करें तो भारत को आखिरी दिन 193 रन का लक्ष्य मिला, लेकिन टीम की शुरुआत बेहद खराब रही। सौ रन के अंदर ही भारत ने सात विकेट गंवा दिए, जिससे जीत की उम्मीदों को गहरा झटका लगा।
ऐसा रहा है मैच का हाल
इससे पहले इंग्लैंड ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया था। एक समय इंग्लैंड का स्कोर 44/2 था, लेकिन ओली पोप (44) और जो रूट (104) की 109 रन की साझेदारी ने टीम को संभाला। वहीं, निचले क्रम में ब्रायडन कार्स (56) और जेमी स्मिथ (51) की आक्रामक बल्लेबाजी ने स्कोर को 387 तक पहुंचाया। भारत के लिए जसप्रीत बुमराह ने शानदार गेंदबाजी करते हुए पांच विकेट चटकाए।
भारत की पहली पारी में यशस्वी जायसवाल जल्दी आउट हो गए, लेकिन करुण नायर और केएल राहुल ने 61 रन जोड़े। फिर राहुल और ऋषभ पंत ने 141 रनों की शानदार साझेदारी की। राहुल ने शतक (100 रन) और पंत ने 74 रन बनाए। रवींद्र जडेजा ने 72 रन की उपयोगी पारी खेली। भारत ने भी पहली पारी में इंग्लैंड के बराबर 387 रन बनाए।
दूसरी पारी में भारत के गेंदबाजों ने इंग्लैंड को सिर्फ 192 रन पर समेट दिया। वॉशिंगटन सुंदर ने 4 विकेट लेकर इंग्लैंड के मध्यक्रम की कमर तोड़ दी। हालांकि आखिरी पारी में भारत की बल्लेबाजी चरमरा गई और टीम मुश्किल में फंस गई।












Click it and Unblock the Notifications