IND vs ENG: पहले सेशन में भारतीय गेंदबाजों ने इंग्लैंड पर कसा शिकंजा, अश्विन ने अपने नाम की ये बड़ी उपलब्धि
India vs England, 1st Test: टीम इंडिया पांच मैचों की टेस्ट सीरीज के पहले मैच में आज, 25 जनवरी को इंग्लैंड से भिड़ रही है। पहला टेस्ट मैच हैदराबाद में खेला जा रहा है, जहां इंग्लैंड ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया है। सीरीज के पहले मैच में भारत के महान स्पिनर रविचंद्रन अश्विन ने अपने नाम एक बड़ी उपलब्धि दर्ज कर ली है।
ऐसा करने वाले पहले भारतीय गेंदबाज बने अश्विन
रविचंद्रन अश्विन ने गुरुवार को इंग्लैंड के खिलाफ पहले टेस्ट के दौरान विश्व टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) में 150 विकेट लेने वाले पहले भारतीय गेंदबाज बनकर इतिहास रच दिया। अश्विन ने भारत के लिए 30 डब्ल्यूटीसी मैचों में 148 विकेटों के साथ मैच की शुरुआत की।

अश्विन और जडेजा ने बनाया दबाव
सीरीज का पहला मैच हैदराबाद के राजीव गांधी इंटरनेशनल स्टेडियम में खेला जा रहा है। इंग्लैंड की ओर से पहले बल्लेबाजी के लिए बेन डकेट और जैक क्रॉली की सलामी जोड़ी क्रीज पर आई, दोनों खिलाड़ियों ने टीम को तेज तर्रार शुरुआत दी।
ये सलामी जोड़ी कुछ कमाल करती इससे पहले अश्विन और जडेजा की गेंदबाजी ने परिणाम बदल दिया। अश्विन ने 12वें ओवर में बेन डकेट (35) को पवेलियन भेज दिया तो वही रविंद्र जडेजा ने 15वें ओवर में ओली पोप (1) का विकेट चटका दिया। 16वें ओवर में अश्विन ने जैक क्रॉली के रूप में अपना दूसरा विकेट लिया।
भारत को चौथे विकेट की तलाश
लंच के ऐलान से पहले इंग्लैंड का स्कोर 28 ओवर के बाद 3 विकेट के नुकसान पर 108 रन है। जॉनी बेयरस्टो और जो रूट की जोड़ी क्रीज पर मोर्चा संभाले हुए हैं। बेयरस्टो 32 रन और रूट 18 रन बनाकर खेल रहे हैं। वहीं भारत को चौथे विकेट की तलाश है।
भारत की प्लेइंग इलेवन:
भारत: रोहित शर्मा (कप्तान), यशस्वी जयसवाल, शुभमन गिल, केएल राहुल, श्रेयस अय्यर, रवींद्र जडेजा, श्रीकर भरत (विकेटकीपर), रविचंद्रन अश्विन, अक्षर पटेल, जसप्रीत बुमराह, मोहम्मद सिराज।
इंग्लैंड की प्लेइंग इलेवन:
इंग्लैंड: जैक क्रॉली, बेन डकेट, ओली पोप, जो रूट, जॉनी बेयरस्टो, बेन स्टोक्स (कप्तान), बेन फोक्स (विकेटकीपर), रेहान अहमद, टॉम हार्टले, मार्क वुड, जैक लीच।












Click it and Unblock the Notifications