'हमारे पास वो बॉलर हैं, जो मैदान में उतरेंगे और हालातों का फायदा उठा लेंगे', गेंदबाजी के फैन हुए रोहित
लंदन, 12 जुलाई: भारतीय क्रिकेट टीम ने किंग्सटन ओवल में एक बढ़िया मुकाबला जीत लिया है जहां उनको 10 विकेट से जीत मिली। भारतीय गेंदबाजों ने अपने माकूल परिस्थितियों का पूरा फायदा उठाया और कप्तान रोहित शर्मा का कहना है कि जब भी हम ऐसी परिस्थिति में उतरते हैं तो हमें किसी बात की चिंता नहीं होती है क्योंकि हम जानते हैं हमारे पास ऐसे खिलाड़ी हैं जो मैदान में उतरेंगे और हालतों का पूरा फायदा उठाएंगे।

भारतीय गेंदबाजों में जसप्रीत बुमराह और शमी की जोड़ी घातक साबित हुई और उन्होंने अंग्रेजों के 9 विकेट आपस में बांटे। बुमराह जहां करियर बेस्ट 6 विकेट लेने में कामयाब रहे तो शमी ने भी 3 विकेट चटकाए।
रोहित ने कहा कि, 'परिस्थितियां ऐसी थी कि गेंद स्विंग और सामने से सीम भी हो रही थी। हमने इसको पूरी तरह से भुनाया है। जब आप इस तरह की परिस्थितियों में खेलते हैं तो आपको पता होता है कि किस तरह की फील्ड सेट करनी है। हम जानते हैं कि हमारे गेंदबाज दोनों और स्विंग करवा सकते हैं और उसी हिसाब से हमने फिल्डिंग सेट की है।'
इस दौरान रोहित शर्मा ने शिखर धवन के साथ शतकीय साझेदारी भी पूरी की, 'जिसके लिए रोहित कहते हैं कि शिखर और मैं एक दूसरे के खेल को अच्छी तरह से समझते हैं। शिखर धवन ने लंबे समय से वनडे क्रिकेट खेला है और हम जानते हैं कि वह हमारे लिए क्या कर सकते हैं। वे अनुभवी खिलाड़ी हैं और उन्होंने इन हालातों में अच्छा प्रदर्शन किया है।'
रोहित शर्मा की पारी भी काफी खास रही जहां उन्होंने तेज अर्धशतक लगाया और 58 गेंदों पर 76 रन बनाकर नाबाद रहे। इस दौरान उन्होंने 5 छक्के लगाए और रोहित अपने हुक शॉट को खेलते हुए दिखाई दिए। यह वह शॉट है जहां पर रोहित शार्ट बॉल को पुल करते हुए सीमा रेखा के पार पहुंचाते हैं। शॉट के बारे में बात करते हुए रोहित कहते हैं, "मुझे पता है हुक खेलना जोखिम भरा होता है, लेकिन जब तक यह मेरे लिए काम कर रहा है मुझे कोई दिक्कत नहीं है।"












Click it and Unblock the Notifications