Virat Kohli की फॉर्म पाकिस्तान के खिलाफ खेली गई पारी से आई, पूर्व भारतीय खिलाड़ी का दावा
बांग्लादेश के खिलाफ वनडे में शतक जड़ने के बाद विराट कोहली की बातें हर कोई कर रहा है, रीतिंदर सोढ़ी ने कोहली की फॉर्म को लेकर अहम बयान दिया है।

Reetinder Sodhi on Virat Kohli: तीन साल बाद विराट कोहली के बल्ले से एकदिवसीय क्रिकेट में शतक आने के बाद उनकी चर्चा चारों तरफ देखी जा सकती है। फैन्स को भी इस पल का बेसब्री से इंतजार था। उनका यह शतक इसलिए भी खास हो जाता है क्योंकि अंतरराष्ट्रीय शतकों की टैली में रिकी पोंटिंग को पछाड़कर कोहली दूसरे नम्बर पर आ गए हैं। सचिन तेंदुलकर ही उनसे आगे हैं। पूर्व भारतीय खिलाड़ी रीतिंदर सिंह सोढ़ी ने कोहली के शतक को लेकर अहम बयान दिया है। उन्होंने कोहली द्वारा टी20 वर्ल्ड कप में पाकिस्तान के खिलाफ खेली गई नाबाद 82 रनों की पारी का जिक्र किया है।
Recommended Video

विराट कोहली की फॉर्म पर सोढ़ी का बयान
रीतिंदर सोढ़ी ने विराट कोहली की शानदार फॉर्म के पीछे टी20 वर्ल्ड कप की उस पारी को माना है जिसे उन्होंने पाकिस्तान के खिलाफ खेलते हुए टीम इंडिया को जीत दिलाई थी। इंडिया न्यूज से बातचीत में उन्होंने कहा कि कोहली को पाकिस्तान के खिलाफ टी20 वर्ल्ड कप की चमत्कारिक पारी से फॉर्म हासिल करने में मदद मिली। वे ऐसे खिलाड़ी हैं जिनको वापसी के लिए बस एक गेम की आवश्यकता होती है। वनडे वर्ल्ड कप को देखते हुए कोहली का रन बनाना जरूरी है।

इशान किशन की पारी के लिए कोहली को क्रेडिट
सोढ़ी ने यह भी कहा कि इशान किशन की पारी को लेकर तारीफ हर कोई कर रहा है लेकिन इसके लिए भी कोहली को क्रेडिट दिया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि इशान किशन के साथ दूसरे छोर पर कोहली खड़े थे। वह नर्वस नाइनटीज के समय उनको शांत करा रहे थे। इसके बाद इशान किशन ने इतनी बड़ी पारी खेली। इसका श्रेय कोहली को भी जाना चाहिए। गौरतलब है कि बांग्लादेश के खिलाफ तीसरे वनडे में इशान किशन ने 131 गेंदों का सामना करते हुए 210 रनों की तूफानी पारी खेली थी।

कोहली भी इशान किशन की बैटिंग से थे खुश
विराट कोहली ने खुद की पारी धीमी गति से शुरू की थी और बाद में उन्होंने तेजी से बैटिंग की। इसके अलावा वह इशान किशन को भी गाइड कर रहे थे। जब किशन ने अपना दोहरा शतक पूरा किया तो सबसे ज्यादा ख़ुशी कोहली को ही हुई थी। वह ख़ुशी से उछल पड़े थे और इशान किशन को गले लगा लिया। इशान किशन और कोहली ने मिलकर दूसरे विकेट के लिए 290 रनों की बड़ी भागीदारी कर टीम इंडिया को 400 से ज्यादा रन बनाने में मदद की। टीम इंडिया ने 227 रनों से इस मुकाबले में जीत दर्ज की।












Click it and Unblock the Notifications