IND vs BAN: 'एक गैप छोड़ा हुआ था लेकिन मैंने वहां शॉट ही नहीं खेला,' शुभमन गिल का खुलासा
शुभमन गिल ने बांग्लादेश के खिलाफ पहले टेस्ट की दूसरी पारी में शतक जमाया। उन्होंने इसे लेकर अहम प्रतिक्रिया दी है।

IND vs BAN 1st Test: बांग्लादेश के खिलाफ पहले टेस्ट मैच के तीसरे दिन टीम इंडिया की तरफ से दूसरी पारी में शानदार बल्लेबाजी का प्रदर्शन देखने को मिला। भारतीय टीम के लिए शुभमन गिल और चेतेश्वर पुजारा ने शतक जड़े। दोनों ही बल्लेबाजों के बल्ले से शतक का इंतजार फैन्स को था। गिल का यह पहला टेस्ट शतक था इसलिए उन्होंने इसे लेकर प्रतिक्रिया दी है। गिल ने कहा कि यह शतक मेरे लिए खास है।

शुभमन गिल की प्रतिक्रिया
गिल ने तीसरे दिन का खेल समाप्त होने के बाद कहा कि व्यक्तिगत रूप से कहूँ तो यह शतक काफी दिनों पहले आना था लेकिन आज मुश्किल स्थिति से खुद को दूर रखकर खेलना था। जब मैं 90 के स्कोर पर था, उस समय दिमाग में कुछ अलग विचार नहीं आ रहे थे। मैंने फील्डिंग के अनुसार शॉट खेलने के लिए सोचा था। जब गेंदबाज राउंड द विकेट गेंदबाजी के लिए आ रहा था, तो पॉइंट और थर्डमैन के बीच में गैप था लेकिन मैंने पूरी पारी के दौरान वहां शॉट नहीं खेला। जब फील्डर अंदर आए तो मैंने उनके ऊपर से मारना शुरू किया। लंच के समय मैं करीब 13 रन पर खेल रहा था। 100 बॉल खेलने के बाद मेरा स्कोर 70 के पास था। एक बल्लेबाज के रूप में आपको पता होता है कि कब गेंदबाज पर आक्रमण करना है। पहला शतक हर खिलाड़ी के लिए ख़ास होता है। यह मेरे और मेरे परिवार के अलावा दोस्तों के लिए मायने रखने वाला शतक है।

चेतेश्वर पुजारा ने जड़ा अहम शतक
भारतीय टीम के लिए करीबन चार साल से शतक नहीं जड़ने वाले चेतेश्वर पुजारा ने आज यह काम कर दिया। उन्होंने अपना 19वां टेस्ट शतक जमाया और तूफानी अंदाज में बल्लेबाजी की। पुजारा ने 130 गेंदों का सामना करते हुए 102 रनों की नाबाद पारी खेली। पुजारा और गिल ने मिलकर दूसरे विकेट के लिए शतकीय भागीदारी की। उनका पिछला शतक 2019 में आया था। इस तरह पुजारा ने भी एक यादगार शतकीय पारी खेली।

बांग्लादेश को मुश्किल लक्ष्य मिला
टीम इंडिया ने दूसरी पारी 2 विकेट पर 258 रनों के कुल स्कोर पर घोषित कर दी। बांग्लादेश को 513 रनों का बड़ा लक्ष्य मिला। तीसरे दिन का खेल समाप्त होने तक बांग्लादेश ने कोई विकेट नहीं गंवाया था। बांग्लादेश ने 42 रन बनाए हैं। मैच जीतने के लिए मेजबान टीम को अभी 471 रन और बनाने हैं। यह आसान काम नहीं कहा जा सकता है।












Click it and Unblock the Notifications