'मैं 2 बच्चों का बाप हूं, पता है कब क्या करना है', रोहित शर्मा को आया गुस्सा, कहा- सबका मुंह बंद कराना है
Ind vs Aus, Rohit Sharma: सिडनी टेस्ट की प्लेइंग इलेवन से बाहर होने के बाद भारतीय कप्तान रोहित शर्मा को लेकर कई तरह की खबरें सामने आने लगी थी। ऐसा कहा जा रहा था रोहित शर्मा टेस्ट से संन्यास ले सकते हैं। लेकिन अब भारतीय कप्तान ने अब इस पर अपनी चुप्पी तोड़ते हुए फैंस को बड़ी खबर दी है। रोहित ने साफ कहा कि वह टेस्ट क्रिकेट से अभी संन्यास नहीं लेने वाले हैं।
रोहित शर्मा ने क्यों लिया बाहर होने का फैसला (Ind vs Aus, Rohit Sharma)
स्टार स्पोर्ट्स से दूसरे दिन लंच के बाद बात करते हुए रोहित शर्मा ने कहा कि मैं खुद सिडनी टेस्ट से बाहर बैठा हूं। अभी बल्ला नहीं चल रहा है, मैंने चयनकर्ताओं और कोच को बताया कि मेरे बल्ले से रन नहीं निकल रहे हैं, इसलिए मैंने हटने का फैसला किया। मैं 2 बच्चों का बाप हूं, समझदार हूं, परिपक्व हूं, पता है कब क्या करना है। टीम के आउट ऑफ फॉर्म बल्लेबाजों को इतना महत्वपूर्ण मैच खेलने का मौका नहीं मिलना चाहिए, इसलिए मैंने बाहर बैठने का फैसला किया है।

संन्यास लेने की हो रही थी चर्चाएं
रोहित ने आगे कहा कि उनकी कोशिश फिलहाल सीरीज ड्रा कर ऑस्ट्रेलियाई क्राउड का मुंह बंद कराना है। उन्होंने कहा कि हमारी टीम ने यहां दो बार सीरीज जीतने में कामयाबी हासिल की है, जो कोई और टीम नहीं कर सकी है। सिडनी टेस्ट में ड्रॉप होने के बाद ऐसी रिपोर्ट्स आई थीं, जिनमें कहा गया था कि सिलेक्टर्स ने रोहित शर्मा को बता दिया है कि बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी के बाद वह टेस्ट टीम का हिस्सा नहीं होंगे। यह खबर काफी चर्चा में रही, क्योंकि रोहित ने लंबे समय से टेस्ट क्रिकेट में अपनी जगह बनाई हुई थी, और उनका अचानक से ड्रॉप होना हैरान करने वाला था।
फॉर्म को देखते हुए लिया फैसला
हालांकि, रोहित ने इन रिपोर्ट्स का खंडन किया है और इस बात का साफ विरोध किया कि सिलेक्टर्स ने उन्हें इस बारे में कोई सूचना दी हो। उन्होंने इस संदर्भ में कहा था कि उनका ध्यान अभी सिर्फ बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी पर है, और वह किसी भविष्य की योजना के बारे में नहीं सोच रहे हैं। लेकिन इतना साफ है कि वह आगे भी भारत के लिए टेस्ट खेलते हुए नजर आते रहेंगे।
बुमराह कर रहे हैं कप्तानी
सिडनी टेस्ट में रोहित शर्मा के ड्रॉप होने के बाद जसप्रीत बुमराह को भारतीय टीम की कप्तानी सौंपी गई थी। यह सीरीज का पांचवां और अंतिम टेस्ट है, जिसमें बुमराह ने कप्तानी की जिम्मेदारी निभाई। इससे पहले पर्थ में हुए सीरीज के पहले टेस्ट में भी बुमराह को कप्तान बनाया गया था, क्योंकि रोहित शर्मा उस मुकाबले में उपलब्ध नहीं थे। दिलचस्प बात यह है कि बुमराह की कप्तानी में भारत ने पहले टेस्ट में जीत दर्ज की थी।












Click it and Unblock the Notifications