IND vs AUS: भारत-ऑस्ट्रेलिया के बीच पहला वनडे कल, इतने बजे होगा शुरू, लाइव देखने का ये है तरीका!
IND vs AUS ODI 2025: भारतीय क्रिकेट टीम कल यानी रविवार, 19 अक्टूबर से पर्थ में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ तीन मैचों की वनडे सीरीज खेलने वाली है। सीरीज का पहला मैच दोनों टीमों के लिए अहम होगा। भारत और ऑस्ट्रेलिया की कोशिश जीत के साथ सीरीज की शुरुआत करने की होगी। यह सीरीज़ कई मायनों में अहम है, खासकर युवा सलामी बल्लेबाज शुभमन गिल के लिए जो इस सीरीज के साथ वनडे कप्तान के रूप में अपनी शुरुआत करेंगे।
रोहित-कोहली पर फैंस की नजरें (IND vs AUS ODI 2025)
शुभमन गिल ने रोहित शर्मा की जगह यह जिम्मेदारी संभाली है। इससे पहले गिल ने इंग्लैंड में टेस्ट कप्तान के रूप में सफलतापूर्वक डेब्यू किया था और वेस्टइंडीज के खिलाफ घरेलू सीरीज में टीम को जीत दिलाई थी। इस सीरीज़ में सभी की निगाहें पूर्व कप्तान विराट कोहली और रोहित शर्मा पर होंगी, जो सात महीने के लंबे ब्रेक के बाद भारतीय ड्रेसिंग रूम में वापसी कर रहे हैं।

श्रेयस अय्यर को बनाया गया उपकप्तान
दोनों दिग्गज खिलाड़ी पहले ही टी-20 और टेस्ट क्रिकेट से संन्यास ले चुके हैं, इसलिए उनका फोकस अब पूरी तरह से वनडे फॉर्मेट पर रहेगा। वहीं, एशिया कप 2025 में जगह न बना पाने वाले श्रेयस अय्यर को वनडे सीरीज़ के लिए उप-कप्तान बनाया गया है। जबकि ऑस्ट्रेलियाई टीम को सीरीज़ से पहले झटके लगे हैं। ऑलराउंडर कैमरून ग्रीन चोट के कारण बाहर हो गए हैं, और उनकी जगह मार्नस लाबुशेन को टीम में शामिल किया गया है।
ऑस्ट्रेलिया टीम में हुए कुछ बदलाव
इसके अलावा विकेटकीपर जोश इंग्लिस की जगह जोश फिलिप को मौका मिला है, जबकि मैथ्यू कुह्नमैन ने स्पिनर एडम ज़म्पा की जगह ली है। ज़म्पा, इंग्लिस और एलेक्स कैरी आखिरी दो मैचों के लिए उपलब्ध रहेंगे। अब तक भारत और ऑस्ट्रेलिया ने कुल 152 वनडे मैच खेले हैं, जिसमें भारत ने 58 और ऑस्ट्रेलिया ने 84 मैच जीते हैं, जबकि 10 का कोई परिणाम नहीं निकला।
इतने बजे शुरू होगा मुकाबला
दोनों के बीच आखिरी मुकाबला आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी 2025 के सेमीफाइनल में हुआ था, जिसे रोहित शर्मा की अगुवाई वाली टीम ने 4 विकेट से जीता था। भारत में इस सीरीज़ का सीधा प्रसारण स्टार स्पोर्ट्स के चैनलों पर किया जाएगा। मैचों की लाइव स्ट्रीमिंग जियोस्टार ऐप और वेबसाइट पर उपलब्ध होगी। वनडे सीरीज का पहला मुकाबला रविवार को भारतीय समयनुसार सुबह 9 बजे से शुरू होगा।












Click it and Unblock the Notifications