IND vs AUS: नीतीश कुमार रेड्डी अचानक हुए टीम से बाहर, पहले तीन मैच में नहीं आएंगे नजर, जानें वजह
IND vs AUS Nitish Kumar Reddy: टीम इंडिया के युवा ऑलराउंडर नीतीश कुमार रेड्डी के लिए फिटनेस की समस्याएं लगातार मुश्किलें खड़ी कर रही हैं। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ चल रही टी-20 सीरीज के पहले तीन मैचों से उन्हें बाहर कर दिया गया है। रेड्डी पहले से ही एडिलेड में दूसरे वनडे के दौरान लगी अपनी बाएं क्वाड्रिसेप्स की चोट से उबर रहे थे, लेकिन अब उनकी मुश्किलें बढ़ गई हैं।
नीतीश कुमार रेड्डी पहले तीन मैच से बाहर (IND vs AUS Nitish Kumar Reddy)
टी-20 सीरीज शुरू होने से ठीक पहले नीतीश कुमार रेड्डी ने गर्दन में ऐंठन की शिकायत की है। बीसीसीआई ने ट्वीट कर इस बात की पुष्टि की है कि गर्दन के स्पाज्म ने उनकी चोट से उबरने की प्रक्रिया को प्रभावित किया है। बीसीसीआई की मेडिकल टीम उनकी प्रगति पर बारीकी से नजर रखे हुए है। नीतीश कुमार रेड्डी लगातार फिटनेस से जूझ रहे हैं, जिससे टीम इंडिया की चिंताएं भी बढ़ गई हैं।

पहले भी रह चुके हैं चोटिल
इस साल की शुरुआत में उन्हें लंदन में चौथे टेस्ट से पहले जिम सेशन के दौरान घुटने में चोट लगने के कारण एंडरसन-तेंदुलकर ट्रॉफी के बीच में ही घर लौटना पड़ा था। हालांकि, उन्होंने वेस्टइंडीज के खिलाफ घरेलू टेस्ट सीरीज के लिए दमदार वापसी की थी, लेकिन अब यह नई चोट एक बार फिर उनके करियर में बाधा बन गई है। नीतीश के लिए आगे का मुकाबला खेलना भी मुश्किल दिखाई पड़ रहा है।
फिलहाल किसी रिप्लेसमेंट की घोषणा नहीं
नितीश रेड्डी के बाहर होने के बावजूद बीसीसीआई ने फिलहाल उनके किसी रिप्लेसमेंट की घोषणा नहीं की है। पहले टी-20 मैच के लिए टीम इंडिया की प्लेइंग इलेवन में उनकी जगह शिवम दुबे को शामिल किया गया है। दुबे के साथ अक्षर पटेल दूसरे ऑलराउंडर के तौर पर मौजूद हैं। इन दोनों के शामिल होने से बल्लेबाज़ी को मजबूती मिलती है। इसके साथ ही कप्तानी के लिए अतिरिक्त गेंदबाजी विकल्प भी मिलते हैं।












Click it and Unblock the Notifications