IND vs AUS: कौन है भारत-ऑस्ट्रेलिया टी20 मैचों का बेस्ट गेंदबाज? 5 खिलाड़ियों ने झटके सर्वाधिक विकेट
IND vs AUS: भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच टी20 मुकाबले हमेशा रोमांच से भरे होते हैं। इन मैचों में जहां बल्लेबाजों के बल्ले से चौके-छक्के निकलते हैं, वहीं कुछ गेंदबाज ऐसे रहे हैं जिन्होंने अपनी धारदार गेंदबाजी से मैच की दिशा बदल दी। दोनों टीमों के बीच 5 टी20 मैचों की सीरीज होनी है।
इस आर्टिकल में भारत और ऑस्ट्रेलिया टी20 मुकाबलों में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले पांच बेहतरीन गेंदबाजों के बारे में जानते हैं। टॉप पांच की लिस्ट में भारत से ज्यादा ऑस्ट्रेलियाई गेंदबाजों का नाम शामिल है।

जसप्रीत बुमराह (भारत)
भारतीय तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह इस सूची में सबसे ऊपर हैं। बुमराह ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ अब तक 14 टी20 मैचों में 17 विकेट हासिल किए हैं। डेथ ओवर्स में उनकी यॉर्कर और सटीक लाइन-लेंथ बल्लेबाजों के लिए बड़ी चुनौती साबित होती है। उन्होंने 3/16 का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया है, जबकि उनकी गेंदबाजी औसत 23.76 और इकॉनमी रेट 8 रही है।
अक्षर पटेल (भारत)
अक्षर पटेल ने हाल के वर्षों में टी20 में शानदार गेंदबाजी से अपना प्रभाव छोड़ा है। बाएं हाथ के स्पिनर ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ सिर्फ 9 मैचों में 15 विकेट झटके हैं। उनकी इकॉनमी रेट 6.30 और औसत 13.86 रही है, जो उनकी किफायती और घातक गेंदबाजी को दर्शाती है। अक्षर का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 3/16 रहा है।
जेसन बेहरेनडॉर्फ (ऑस्ट्रेलिया)
ऑस्ट्रेलियाई तेज गेंदबाज जेसन बेहरेनडॉर्फ नई गेंद से स्विंग कराने में माहिर हैं। उन्होंने भारत के खिलाफ 10 मुकाबलों में 13 विकेट लिए हैं। बेहरेनडॉर्फ का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 4/21 का रहा है, जबकि उनकी इकॉनमी रेट 6.74 और औसत 16.07 रही है। भारतीय बल्लेबाजों को शुरुआती ओवरों में परेशान करने में वह कई बार सफल रहे हैं।
एडम ज़ाम्पा (ऑस्ट्रेलिया)
ऑस्ट्रेलिया के लेग-स्पिनर एडम ज़ाम्पा भारत के खिलाफ हमेशा असरदार साबित हुए हैं। उन्होंने 16 टी20 मैचों में 12 विकेट हासिल किए हैं। ज़ाम्पा की इकॉनमी रेट 7.29 और बेस्ट फिगर 3/16 रहा है। भारतीय बल्लेबाजों के खिलाफ उनकी फ्लाइट और टर्न ने कई बार विकेट दिलाए हैं।
शेन वॉटसन (ऑस्ट्रेलिया)
पूर्व ऑलराउंडर शेन वॉटसन अपने समय में न सिर्फ बल्लेबाजी बल्कि गेंदबाजी से भी खतरनाक रहे। भारत के खिलाफ खेले गए 8 टी20 मुकाबलों में उन्होंने 10 विकेट झटके। उनकी इकॉनमी रेट 7.55 और सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 3/34 रहा। वॉटसन ने नई गेंद से कई बार भारतीय बल्लेबाजों को शुरुआती झटके दिए।












Click it and Unblock the Notifications