IND vs AUS:'कोहली-कोहली' के नारों से हुआ लोकल बॉय का स्वागत, कंट्रोवर्शियल तरीके से आउट हुए विराट
दिल्ली टेस्ट के दूसरे दिन विराट कोहली जब ग्राउंड पर बल्लेबाजी के लिए आए तो दर्शकों ने उनका जोरदार तरीके से स्वागत किया। कोहली 44 रन बनाकर आउट हो गए।

ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ दूसरे टेस्ट मैच में लोकल बॉय विराट कोहली का दिल्ली की जनता ने जोरदार तरीके से स्वागत किया। दरअसल, दिल्ली टेस्ट के दूसरे दिन विराट कोहली जब मैदान पर बल्लेबाजी के लिए आए तो स्टेडियम में दर्शकों ने उनका जोरदार तरीके से स्वागत किया। आज सुबह से ही स्टेडियम में दर्शकों की तादात बहुत अधिक थी। पूरा स्टेडियम खचाखच भरा हुआ था। हर कोई अपने हीरो विराट कोहली को और उनकी बल्लेबाजी को देखने आया था। कप्तान रोहित शर्मा के आउट होने के बाद जैसे ही विराट बल्लेबाजी के लिए ग्राउंड पर उतरे तो स्टेडियम में 'कोहली-कोहली' के नारे गूंज उठे।
2017 के बाद दिल्ली में हो रहा है टेस्ट मैच
आपको बता दें कि 2017 के बाद यह पहला मौका है जब दिल्ली में कोई टेस्ट मैच आयोजित हो रहा है और यही वजह है कि टीम इंडिया के स्टार विराट कोहली का उनके घरेलू मैदान पर जोरदार स्वागत हआ। विराट कोहली के स्वागत में सभी दर्शक खड़े होकर शोर मचाने लगे। वहीं कुछ दर्शक विराट कोहली के नाम संदेश लिखकर अपने-अपने प्लेकार्ड पर लाए थे। हर कोई इस पल को अपने मोबाइल में रिकॉर्ड करने की कोशिश में था। विराट को मैदान पर आते देख हर किसी ने अपने-अपने मोबाइल फोन चालू कर लिए।
अर्द्धशतक से चूक गए कोहली
विराट कोहली जब मैदान पर आए तो दर्शकों ने उनका जोरदार स्वागत किया। ऐसे में दर्शकों को यह उम्मीद थी कि विराट कोहली आज एक बड़ी पारी खेलेंगे, लेकिन ऐसा नहीं हो सका। कोहली ने शुरुआत तो अच्छी की, लेकिन वो बड़ी पारी खेलने में सफल नहीं हुए। कोहली अर्द्धशतक से सिर्फ 6 रन दूर रह गए और नाथन लियोन ने उन्हें आउट कर दिया। हालांकि कोहली का विकेट कंट्रोवर्शियल था, क्योंकि टीवी रिप्ले में देखा गया था कि गेंद उनके बैट और पैड पर एक साथ लगी थी। टीवी अंपायर ने 'अंपायर कॉल' की वजह से विराट कोहली को आउट करार दे दिया।
आपको बता दें कि ऑस्ट्रेलिया को पहली पारी में 263 पर ऑलआउट करने के बाद भारतीय टीम कल ही बैटिंग के लिए उतर गई थी और पहले दिन का खेल खत्म होने तक भारत ने बिना कोई विकेट गंवाए 26 रन बना लिए थे, लेकिन दूसरे दिन की शुरुआत से ही भारत के लगातार विकेट गिरने का सिलसिला शुरू हो गया। नाथन लियोन ने भारत को शुरुआती झटके दिए और पहले 4 विकेट खुद के ही नाम रहे। खबर लिखे जाने तक भारत ने 7 विकेट के नुकसान पर 231 रन बना लिए हैं।












Click it and Unblock the Notifications