Ind vs Aus: केएल राहुल बोले.. कोई भी परफेक्ट नहीं होता, मैं स्ट्राइक रेट पर मेहनत कर रहा हूं
भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच तीन टी20 मैचों की सीरीज का पहला मुकाबला मंगलवार, 20 सितंबर को मोहाली में खेला जाएगा।
नई दिल्ली, 19 सितंबर: भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच तीन टी20 मैचों की सीरीज का पहला मुकाबला मंगलवार, 20 सितंबर को पंजाब क्रिकेट एसोसिएशन आईएस बिंद्रा स्टेडियम, मोहाली में खेला जाएगा। यह मैच भारतीय समयानुसार शाम 7:30 बजे शुरू होगा, वहीं टॉस 7:00 बजे होगा। मैच से पहले टीम इंडिया के उपकप्तान केएल राहुल ने कहा कि वह एक ओपनर के तौर पर खुद को बेहतर बनाने के लिए कड़ी मेहनत कर रहे हैं। सीरीज का दूसरा टी20 23 सितंबर को नागपुर में और आखिरी टी20 25 सितंबर को हैदराबाद में खेला जाएगा।

खतरें में ओपनिंग स्लॉट
सोमवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस में केएल राहुल ने कहा, "चोट से वापस आने के बाद मैं अच्छा महसूस कर रहा हूं। जिम्बाब्वे दौरे पर 2 टी20 खेलना और फिर एशिया कप 2022 खेलना मेरे लिए जरूरी था। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ घर में खेलने में मजा आएगा। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ तीनों मैचों में केएल अच्छा प्रदर्शन करना चाहेंगे। चोट से वापसी करने के बाद उनका बल्ला कुछ खास कमाल नहीं कर सका है। ऐसे में उनका ओपनिंग स्लॉट खतरे में पड़ सकता है।

मैं स्ट्राइक रेट पर काम कर रहा
अपनी फॉर्म और स्ट्राइक रेट में गिरावट के बारे में बात करते हुए राहुल ने कहा "कोई भी परफेक्ट नहीं है" और पिछले कुछ महीनों में उन्हें यह स्पष्ट हो गया कि लोग और टीम खिलाड़ियों से क्या उम्मीद करते हैं। उन्होंने कहा, "देखो कोई भी परफेक्ट नहीं है। उस ड्रेसिंग रूम में कोई भी पूर्ण नहीं है। हर कोई कुछ करने के लिए काम कर रहा है। हर किसी की एक निश्चित भूमिका होती है। मैं स्ट्राइक रेट पर काम कर रहा हूं। निश्चित रूप से पिछले 10 से 12 महीनों में प्रत्येक खिलाड़ी के लिये लक्ष्य निर्धारित कर दिया गया है। हर किसी के पास स्पष्ट समझ है कि उससे किस चीज की उम्मीद है। मैं बस इसी ओर काम कर रहा हूं कि मैं बतौर सलामी बल्लेबाज खुद को कैसे बेहतर कर सकता हूं।"

टीम आपके लिए क्या सोचती
राहुल ने कहा, "कई बातों के लिए आलोचना हो सकती है। लेकिन एक खिलाड़ी के लिए सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि ड्रेसिंग रूम में उसके कप्तान, कोच और टीम के साथी उसके बारे में क्या सोचते हैं। केवल हम ही जानते हैं कि प्रत्येक खिलाड़ी से क्या भूमिका की अपेक्षा की जाती है। हर कोई अपना बेस्ट देने की कोशिश कर रहा है, लेकिन कोई भी खिलाड़ी हर मैच में सफल नहीं हो सकता है। हमने ऐसा माहौल बनाया है जहां खिलाड़ी गलती करने या असफल होने से डरते नहीं हैं। मैं इस दिशा में काम कर रहा हूं कि मैं एक सलामी बल्लेबाज के रूप में कैसे सुधार कर सकता हूं और अधिक प्रभाव डाल सकता हूं।

पंत-कार्तिक में किसे मौका
केएल राहुल ने कहा कि दो विकेटकीपर बल्लेबाजों ऋषभ पंत और दिनेश कार्तिक के साथ खेलना टीम इंडिया के लिए एक कठिन विकल्प है। उन्होंने कहा कि यह उस कॉम्बिनेशन पर निर्भर करता है जिसके साथ टीम जाने का फैसला करती है। उन्होंने कहा कि " यह वास्तव में इस बात पर निर्भर करता है कि हम किस तरह के कॉम्बिनेशन के साथ मैदान पर उतर रहे हैं। यह पूरी तरह से उस पिच पर निर्भर करता है जिस पर हम खेलने जा रहे हैं और जिन टीमों के खिलाफ हम खेल रहे हैं। ये निर्णय लेना आसान नहीं है।"












Click it and Unblock the Notifications