जीत के बाद Jemimah Rodrigues की आंखों से निकले आंसू, पिता को गले लगकर फूट-फूटकर रोईं, वीडियो वायरल
IND vs AUS Jemimah Rodrigues: नवी मुंबई के डीवाई पाटिल स्टेडियम में गुरुवार को हुए महिला क्रिकेट वर्ल्ड कप 2025 के सेमीफाइनल में भारत ने जीत दर्ज की। भारतीय टीम ने एक यादगार जीत दर्ज करते हुए फाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली है। इस जीत की हीरो जेमिमा रोड्रिग्स रहीं। जेमिमा ने डिफेंडिंग चैंपियन ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 134 गेंदों में नाबाद 127 रन की शानदार पारी खेली।
जेमिमा और हरमनप्रीत ने की 167 रनों की साझेदारी (IND vs AUS Jemimah Rodrigues)
ऑस्ट्रेलिया ने भारत के सामने 339 रनों का विशाल लक्ष्य रखा था। यह महिला वनडे इतिहास का सबसे बड़ा सफल रन चेज़ है, जो भारत ने 5 विकेट खोकर हासिल किया। भारत के शुरुआती विकेट जल्दी गिरने के बाद जेमिमा और कप्तान हरमनप्रीत कौर (89 रन) ने मिलकर तीसरे विकेट के लिए 167 रनों की जबरदस्त साझेदारी की और मैच का रुख पलट दिया।

जेमिमा रोड्रिग्स ने खेली करियर की बेहतरीन पारी
जेमिमा रोड्रिग्स के लिए यह वर्ल्ड कप उतार-चढ़ाव भरा रहा था, जहां उन्हें शुरुआत में दो बार शून्य पर आउट होने के बाद टीम से ड्रॉप भी कर दिया गया था। लेकिन, इस नॉकआउट मुकाबले में उन्होंने अपने करियर की सर्वश्रेष्ठ पारी खेलकर आलोचकों को करारा जवाब दिया। उनकी इस पारी की बदौलत ही ऑस्ट्रेलिया का वर्ल्ड कप में 16 मैचों का अजेय क्रम भी टूट गया।
माता-पिता के गले लगकर खूब रोईं जेमिमा
जीत के बाद जेमिमा की आंखों में खुशी की आंसू छलक आए। जीत के साथ वह अपने माता-पिता के गले लग गईं, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है। उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय भगवान और उन सभी लोगों को दिया जिन्होंने उन पर विश्वास किया। भारतीय महिला टीम 2005 और 2017 के बाद तीसरी बार वर्ल्ड कप फाइनल में पहुंची है। भारत अब फाइनल में दक्षिण अफ्रीका से भिड़ेगा।












Click it and Unblock the Notifications