IND vs AUS: पहले टी20 में हार के बाद बोले पूर्व पाकिस्तानी कप्तान, कुछ भारतीय खिलाड़ी ओवरवेट हैं
भारतीय क्रिकेट टीम इन दिनों शानदार प्रदर्शन करने में नाकाम है। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ मंगलवार को खेले गए पहले टी20 में 200 से ज्यादा रन बनाने के बाद भी भारत को हार का सामना करना पड़ा।
नई दिल्ली, 21 सितंबर: भारतीय क्रिकेट टीम इन दिनों शानदार प्रदर्शन करने में नाकाम है। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ मंगलवार को खेले गए पहले टी20 में 200 से ज्यादा रन बनाने के बाद भी भारत को हार का सामना करना पड़ा। 209 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए ऑस्ट्रेलिया ने 4 गेंद शेष रहते 4 विकेट से मुकाबला जीत लिया। एशिया कप 2022 के सुपर-4 स्टेज में भी पाकिस्तान और श्रीलंका ने भारत को मात दी थी। इन्हीं हार के कारण टीम को टूर्नामेंट से बाहर होना पड़ा था।

फिटनेस और पेस की कमी
भारतीय तेज गेंदबाजी में धार की कमी थी, वहीं फील्डिंग में भी भारत ने कई कैच छोड़े। इससे ऑस्ट्रेलिया को मैच जीतने में आसानी हो गई। भारत के प्रदर्शन पर पूर्व पाकिस्तानी कप्तान सलमान बट ने कहा कि फिटनेस और पेस की कमी अगले महीने ऑस्ट्रेलिया में होने वाले टी20 विश्वकप में भारत की बड़ी समस्या होगी। भारत के प्रदर्शन पर बात करते हुए पाकिस्तान के पूर्व कप्तान सलमान बट ने कहा कि भारतीय खिलाड़ियों की फिटनेस और गेंदबाजों की पेस टीम के लिए बड़ी समस्या होगी।

सुस्त दिखे केएल राहुल
बट ने अपने यूट्यूब चैनल पर कहा, "मुझे नहीं पता कि अन्य लोग इस बारे में बात करेंगे या नहीं, लेकिन मेरे विचार से टीम इंडिया की फिटनेस आइडियल नहीं है। विराट कोहली और हार्दिक पांड्या जैसे खिलाड़ियों के अलावा फिटनेस भारतीय खिलाड़ियों का सबसे मजबूत पॉइंट नहीं है। उनके पास गेंदबाजी में पेस की कमी है और वे चांस लेना नहीं चाहते हैं।" बट ने कहा, "केएल राहुल ने मैदान में एक कैच छोड़ा। गेंद के पास पहुंचते ही वह सुस्त लग रहे थे। अक्षर ने भी मिड-विकेट पर एक कैच ड्रॉप किया। इसलिए यदि आप ऐसे कैच छोड़ते हैं तो बल्लेबाज आपको दूसरा मौका नहीं देंगे। उन्होंने कहा, "विश्वकप से पहले तेज गेंदबाजी और फिटनेस भारत के लिए चिंताजनक संकेत हैं।"

सुधार की जरूरत
बट ने भारतीय खिलाड़ियों की फिटनेस पर सवाल उठाए। उन्होंने रोहित शर्मा, केएल राहुल और ऋषभ पंत का नाम तक लिया। बट ने कहा कि इन खिलाड़ियों को फिटनेस में सुधार की जरूरत है। बट ने अपने यूट्यूब चैनल पर कहा, "भारतीय खिलाड़ी दुनिया में सबसे अधिक पैसे पाने वाले क्रिकेटर हैं। वे सबसे अधिक मैच खेलते हैं। आप मुझे बताएं कि उनकी फिटनेस ठीक क्यों नहीं है? अगर हम दक्षिण अफ्रीका, ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड जैसी अन्य टीमों के साथ उनकी फिटनेस की तुलना करते हैं, भारतीयों का कोई मुकाबला नहीं है। मैं यहां तक कहूंगा कि कुछ एशियाई टीमें भारत से आगे हैं। कुछ भारतीय खिलाड़ी अधिक वजन वाले हैं। मुझे लगता है कि उन्हें इस पर काम करने की जरूरत है क्योंकि वे शानदार क्रिकेटर हैं।"

विराट ने की मिसाल कायम
बट ने कहा, "विराट कोहली ने फिटनेस में दूसरों के लिए एक मिसाल कायम की है। रवींद्र जडेजा, हार्दिक पांड्या भी फिट हैं। लेकिन रोहित शर्मा, केएल राहुल और ऋषभ पंत काफी सुस्त नजर आते हैं। अगर यह खिलाड़ी फिटनेस पर ध्यान देते हैं तो यह काफी खतरनाक बना जाएंगे। बता दें कि मैच के दौरान भारतीय टीम की फील्डिंग काफी साधारण रही। भारतीय खिलाड़ियों ने 2 कैच ड्राप किए जो टीम की हार का कारण बने।












Click it and Unblock the Notifications